मध्य प्रदेश में 17 डिग्री पहुंचा रात का पारा, कल से तापमान गिरने का अनुमान
![](https://ujjawalprabhat.com/wp-content/uploads/2025/02/Capture-525.jpg)
मध्य प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ा है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री तक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कल से एक बार फिर ठंड शुरू हो सकती है। तापमान में दो-तीन डिग्री गिरावट आएगी।
मध्य प्रदेश के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है। रात का तापमान 17 डिग्री तक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 13 फरवरी से सर्दी का एक और दौर आएगा। दो दिन तक पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। प्रदेश के 5 बड़े शहर- भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। हालांकि ज्यादा ठंड पड़ने के अनुमान नहीं है।
17 डिग्री दर्ज हुआ शिवनी का न्यूनतम तापमान
मध्य प्रदेश में इस समय रातें ज्यादा ठंडी नहीं है। सुबह और रात में ही हल्की ठंड पड़ रही है। सोमवार-मंगलवार की रात की बात करें तो भोपाल में 15.7 डिग्री, इंदौर में 14.4 डिग्री, ग्वालियर में 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री और जबलपुर में पारा 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सिवनी सबसे गर्म रहा। यहां रात का तापमान 17 डिग्री तक पहुंच गया। छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, खरगोन, धार और सागर में पारा 15-16 डिग्री के बीच ही रहा। इधर, मंगलवार को दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। भोपाल में सुबह से तेज धूप खिली रही। इस कारण लोग परेशान होते रहे। कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार ही रहा।
इसलिए मौसम में आया बदलाव
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि 8 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत पहुंचा था। इसके असर के कारण प्रदेश में उत्तर से सर्द हवाएं चल रही थी, जो अब लौट गई है। वहीं, हवा का रुख दक्षिणी हो गया है। इस कारण ठंडी हवा प्रदेश में नहीं आ रही और दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई।
13 फरवरी से तापमान में फिर से गिरावट देखने को मिलेगी। एक सप्ताह पहले तक प्रदेश में सर्द हवा की रफ्तार 36 से 40 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच गई थी, लेकिन अब सर्द हवाएं नहीं आ रही है। इस वजह से गर्मी बढ़ गई है। मंगलवार को 12.6 किमी की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम हवा की रफ्तार 231 किमी प्रतिघंटा रही, लेकिन इसका असर यहां देखने को नहीं मिला।
अगले 2 दिन ऐसा मौसम
12 फरवरी: दिन में गर्मी का एहसास होगा, लेकिन रात में ठंडक घुली रहेगी।
13 फरवरी: दिन-रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी।