पार्लर से तैयार होकर यूं निकली दुल्हन, लहंगे में बाइक से तलाशने लगी ‘दूल्हा’

शादी से जुड़े सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल होते हैं, जिन्हें देखकर हैरानी होती है. इनमें से किसी वीडियो में दूल्हा-दुल्हन रोमांटिक अंदाज में डांस करते हुए नजर आते हैं, तो किसी वीडियो में जयमाल स्टेज पर ही दूल्हा-दुल्हन में झड़प हो जाती है. कभी किसी शादी समारोह में दुल्हन की बहनें महफिल लूट लेती हैं, तो कभी शादी का कार्ड ही वायरल हो जाता है. वहीं, कई बार दुल्हन जयमाल के लिए अनोखे अंदाज में स्टेज पर आती है, जिसे देख लोग खुश हो जाते हैं. लेकिन आज हम आपको दुल्हन का एक अलग अंदाज वाला वीडियो दिखाने जा रहे हैं. इस वीडियो को देखने के बाद ऐसा लगता है कि पार्लर से तैयार होकर दुल्हन सीधे बाइक उठाकर लहंगा में ही अपने दूल्हे की तलाश में निकल गई है. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग घूर-घूर कर दुल्हन को देख रहे हैं.
लहंगे में तेज रफ्तार बाइक चलाती दुल्हन को देख लोग शायद हैरान हैं. बैकग्राउंड में गाना ‘फिर भी न मिला सजना’ चल रहा है. वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि बन संवरकर एक लड़की सड़क पर बाइक चलाती हुई गुजर रही है. मरून कलर के लहंगे में दुल्हन बेहद खूबसूरत लग रही है. उसने गहने जेवरात भी पहन रखे हैं. ऐसा लगता है मानो वो बस मंडप में जाने की तैयारी कर रही है. लेकिन सड़क पर अकेले बाइक लेकर भला कौन दुल्हन निकलती है? इस दौरान आस-पास से गुजर रहे लोग दुल्हन को घूरते नजर आ रहे हैं, तो कार से गुजर रहे लोग वीडियो और फोटो कैप्चर कर रहे हैं. ऐसे में बैकग्राउंड में बज रहा गाना कुछ और ही इशारा करता है. ऐसा लगता है कि दुल्हन बेसब्री से लहंगा पहनकर अपने दूल्हो को तलाश रही है, जो उसे अब तक नहीं मिला. हालांकि, जब हमने दुल्हन के बारे में जानने की कोशिश की तो पता चला कि लड़की का नाम तुबा पाशा (Tuba Pasha) है.
हमने तुबा के इंस्टाग्राम अकाउंट को चेक किया तो देखा कि वो अक्सर लहंगे में दुल्हन की तरह तैयार होकर अपना वीडियो शूट करती हैं. इंस्टाग्राम पर उन्हें 2 लाख 36 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. कभी बैंगनी कलर के लहंगे में तो कभी लाल कलर के लहंगे में वो नजर आती हैं. कई बार सूट पहनकर भी वो बाइक दौड़ाती दिख जाती हैं. उनके वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब पसंद भी किया जाता है. 30 नवंबर को शेयर किए गए इस वीडियो को भी लोग खूब देख रहे हैं. आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन बता दें कि तुबा के इस वीडियो को 8 करोड़ 17 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है. वहीं, 13 लाख लोगों ने इस वीडियो को लाइक किया है, जबकि 23 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे शेयर किया है. इसके अलावा वीडियो पर 17 सौ से भी ज्यादा कमेंट्स आए हैं.





