CRPF जवान का घर किराए पर लेकर दिवंगत जदयू जिला उपाध्यक्ष का बेटा कर रहा था शराब का कारोबार

सीआरपीएफ जवान के घर को लेकर शराब का कारोबार करने वाले कारोबारी जदयू के दिवंगत जिला उपाध्यक्ष के बेटे को उत्पाद विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है।

उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर सहरसा शहर के मीर टोला में छापेमारी कर लगभग 127 लीटर विदेशी शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कारोबारी की पहचान सत्यम कुमार उर्फ राजा के रूप में हुई है, जो जदयू के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं शहर के थाना चौक स्थित दुर्गा मंदिर के संस्थापक स्वर्गीय सुरेश लाल के पुत्र हैं।

बता दें कि कारोबारी बगल में सीआरपीएफ में पदस्थापित अजय आनंद के खपरैल घर का दो कमरा किराया पर लेकर कारोबार करता था। इधर, शराब कारोबार और छापेमारी की सूचना मिलते ही लोगों के बीच कई तरह की चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि पिता जिस पार्टी में थे, उसी पार्टी के द्वारा बिहार में शराबबंदी लागू किया गया। थाना चौक पर दुर्गा मंदिर स्थापित कर उन्होंने समाज में अपनी अलग पहचान और सम्मान पाया था।

बीच शहर में हो रहा था का कारोबार
उत्पाद निरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से कारोबार की सूचना मिल रही थी। उसके बाद उसके ऊपर नजर रखी जा रही थी। बुधवार की देर रात जानकारी मिली कि कारोबारी शराब का कारोबार कर रहा है और अभी छापेमारी करने पर भारी मात्रा में विदेशी शराब पकड़ा सकता है, जिसके बाद टीम बना कर छापेमारी की गई तो विभिन्न ब्रांड के 126.720 लीटर विदेशी शराब बरामद हुआ।

लगभग डेढ़ लाख का शराब बरामद
इंस्पेक्टर संजीत कुमार ने बताया कि कारोबारी के किराए के मकान से रॉयल स्टैग ब्रांड का विदेशी शराब की 750 एमएल का 36 बोतल, ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड का विदेशी शराब का 180 एमएल का टेट्रा पैक 554 पीस बरामद हुआ है। कमरे को सील कर दिया गया है। अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

कार्यालय सहायक आयुक्त मद्यनिषेध के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, माह दिसम्बर में एक से दस दिसंबर तक मद्यनिषेध विभाग द्वारा कुल 882.36 लीटर शराब बरामद किया गया। इसमें देशी चुलाई शराब 767.00 लीटर, विदेशी शराब 110.760 लीटर, कोरेक्स 4.60 लीटर जब्त किया गया है। इसके साथ पांच अवैध चुलाई अड्डा पर जावा महुआ 76.505 किलोग्राम घटना स्थल पर विनष्ट किया गया। ड्रोन के द्वारा अड्डों पर छापामारी में सहयोग लिया जाता है। इसके साथ ही मधेपुरा, खगड़िया, सुपौल, दरभंगा से आने वाले वाहनों को सख्ती से जांच किया जाता है। साथ ही अभी तक इस माह में कुल 59 अभियोग दर्ज किया गया, जिसमें 44 पीने वाला, 16 परिवहन, होम डिल्वरी, बेचने वाला अभियुक्त है।

Back to top button