लालू यादव के बयान से RJD का महिला विरोधी चेहरा हुआ उजागर…

बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह (Lacey Singh) ने कहा कि लालू यादव (Lalu Yadav) हमेशा महिलाओं को अपमानित एवं लज्जित करते रहते हैं और उनके बयान से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का महिला विरोधी असली संस्कार एवं चेहरा उजागर हुआ है।
जदयू प्रदेश कार्यालय, पटना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में खाद्य उपभोक्त एवं संरक्षण मंत्री लेसी सिंह एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक पहल की। राजद सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर महिलाओं को लेकर अमर्यादित टिप्पणी पर मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि लालू यादव हमेशा महिलाओं को अपमानित व लज्जित करते रहते हैं।
महिलाओं को अपमानित करने का लालू यादव के संस्कार व राजद पार्टी का पुराना नाता रहा है। लालू यादव के बयान से राजद का महिला विरोधी असली संस्कार व चेहरा उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले प्रदेश की महिलाएं लालू यादव के जंगलराज की भुक्तभोगी रहीं हैं। उनके शासन में महिलाओं की क्या स्थिति थी, वह किसी से छिपी नहीं है। उस समय महिलाओं और बेटियों के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल था।
मंत्री सिंह ने कहा कि लालू यादव और उनकी पार्टी राजद हमेशा से महिला विरोधी कार्यों में संलिप्त रही है। आज उनको इस बात से दर्द हो रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की आधी आबादी सशक्त हो रही है। वो खुलकर उनसे व उनकी पार्टी से ‘लालू जी के जंगलराज’ पर सवाल पूछ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नौकरी में 35% और पंचायती तथा नगर निकाय चुनाव में 50% आरक्षण देकर महिलाओं को संबल प्रदान किया है।
बिहार की महिलाएं स्वरोजगार से लेकर विभिन्न उच्च पदों पर बिहार का नाम रोशन कर रही हैं। बिहार की महिलाओं का विकास देख, उन्हे आंख सेंकने की वस्तु समझने वाले लोगों की तड़प और उनका दर्द समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह बात स्वाभाविक है कि लालू यादव और उनके पार्टी के लोगों को तकलीफ होना ही है। महिला विरोधी लालू यादव के घटिया बयान की मैं कड़ी शब्दों में निंदा करती हूं।
इस दौरान मंत्री जनाब जमा खां ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बयान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के बयान से राजद का असली संस्कार उजागर हुआ है और पूरे प्रदेश में उनके इस निम्नस्तरीय बयान की पुरजोर निंदा हो रही है। लालू-राबड़ी की सरकार में बिहार बीमारू राज्य से जाना जाता था लेकिन हमारे नेता ने गत 19 वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया। जाति और धर्म का भेद किए बिना हमारे नेता सभी की चिंता करते हैं। नीतीश कुमार के संबंद में अमर्यादित बयान देने वालों को बिहार की जनता जवाब देगी।





