श्रीनगर में शरद ऋतु की खूबसूरती, पतझड़ के पत्तों के बीच आनंद लेते लोग

श्रीनगर के प्रसिद्ध निशात मुगल गार्डन में इस समय पतझड़ का मौसम अपनी पूरी रंगत के साथ देखने को मिल रहा है।
बाग में फैले नारंगी और सुनहरे रंग के पत्ते पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हर साल की तरह इस बार भी स्थानीय लोग और पर्यटक इस अद्भुत दृश्य का आनंद लेने के लिए बाग में जुटे हुए हैं।
निशात मुगल गार्डन जो मुगल काल का एक प्रसिद्ध गार्डन है, अब कश्मीर के सबसे खूबसूरत और प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार हो चुका है।
इस बाग में हर ओर फैले हरे-भरे वृक्षों के बीच नारंगी रंग के पतझड़ के पत्ते एक खूबसूरत चित्र प्रस्तुत कर रहे हैं। यहां की ताजगी और शांति पर्यटकों को अपने भीतर समाहित कर लेती है।
पत्तों का यह प्राकृतिक परिवर्तन पर्यटकों के लिए एक अद्वितीय अनुभव बन चुका है। बच्चे, परिवार और दोस्तों के साथ घूमने आए लोग, बाग के भीतर रंग-बिरंगे पत्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हुए खुश दिखाई दे रहे हैं।
कुछ लोग बाग के शांत वातावरण में बैठकर प्रकृति का आनंद ले रहे हैं, जबकि कुछ लोग पत्तों के साथ खेलने और तस्वीरें लेने में व्यस्त हैं। निशात मुगल गार्डन में इस मौसम की सुंदरता का अनुभव करने के लिए पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है।
यह जगह न केवल कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता को दर्शाती है, बल्कि पर्यटकों को मन की शांति और ताजगी का अहसास भी कराती है।
इस समय बाग में पत्तों का गिरना और उनके साथ सैल्फी और फोटो खींचने की होड़ पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।





