दिल्ली: 40 हजार फ्लैटों के लिए आज जारी होंगे फॉर्म-ब्रोशर

डीडीए 40 हजार फ्लैटों की बिक्री के लिए सोमवार को ब्रोशर व फार्म जारी करेगा। साथ ही हेल्प डेस्क भी शुरू करेगा। वहीं, बुधवार से द्वारका हाउसिंग योजना व बृहस्पतिवार से अन्य दो योजनाओं के फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। सोमवार से लोग ब्रोशर डाउनलोड करने के साथ ई-नीलामी की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। सस्ता घर आवासीय योजना, मध्यम वर्गीय आवासीय योजना में फ्लैट्स पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे। वहीं, डीडीए द्वारका आवास योजना के तहत फ्लैट्स की ई-नीलामी की जाएगी।
इच्छुक लोग बुधवार सुबह 11 बजे से तीनों स्कीमों के फ्लैट्स के लिए पंजीकरण करवाने के साथ बुकिंग राशि भी जमा करवा सकेंगे। वहीं सस्ता घर आवासीय योजना व मध्यम वर्गीय आवासीय योजना के फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन बृहस्पतिवार से शुरू कर दिए जाएंगे। इसके बाद 10 सितंबर से फ्लैट की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी और 31 मार्च 2025 को डीडीए दोनों स्कीमों को बंद कर देगा।
डीडीए ने द्वारका हाउसिंग स्कीम की ई-नीलामी के रजिस्ट्रेशन के लिए 16 सितंबर की अंतिम तारीख रखी है। इस दिन शाम छह बजे तक लोग ई-नीलामी के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 19 सितंबर शाम छह बजे तक आवेदन की अंतिम प्रस्तुति की जाएगी। डीडीए 20 सितंबर को ई-नीलामी की अनुसूची की घोषणा करेगा। इसके बाद दो दिन के डेमो अभ्यास के बाद 23 सितंबर को ऑनलाइन ई-नीलामी की जाएगी।
डीडीए सस्ता घर आवासीय योजना के तहत 34 हजार फ्लैट बचेगा, वहीं मध्यम वर्गीय आवासीय योजना के तहत 5400 फ्लैट बेचने के लिए पेश किए जाएंगे। डीडीए द्वारका आवास योजना के तहत कुल 173 फ्लैट्स की बिक्री की जाएगी। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में डीडीए के द्वारा फ्लैट्स की बिक्री की जाएगी।
2500 रुपये है रजिस्ट्रेशन शुल्क
तीनों स्कीमों के फ्लैट के रजिस्ट्रेशन शुल्क 2500 रुपये तय किया है। लेकिन बुकिंग राशि अलग-अलग है। सस्ता घर आवास योजना के फ्लैट रामगढ़ कॉलोनी (जहांगीरपुरी मेट्रो के पास), सिरसपुर, लोकनायकपुरम, रोहिणी और नरेला में मिलेंगे। वहीं, डीडीए सामान्य आवास योजना के तहत जसोला, लोकनायकपुरम और नरेला जैसे विभिन्न इलाकों में फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। डीडीए द्वारका हाउसिंग स्कीम 2024 के तहत ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से द्वारका के विभिन्न क्षेत्रों में उच्च श्रेणी के फ्लैटों की पेशकश की जाएगी।
फर्जी वेबसाइट से रहे सावधान
डीडीए ने लोगों को जानकारी दी है कि कुछ असामाजिक तत्व डीडीए के नाम से मिलते जुलते वेबसाइट खोलकर ठगने का काम कर रहे हैं। डीडीए ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर कुछ फर्जी वेबसाइट के नाम भी साझा किए हैं और लोगों से उनसे सावधान रहने की अपील की है। डीडीए के अनुसार केवल उनकी ऑफिशियल वेबसाइट से ही तीनों स्कीमों के फ्लैट्स के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया की जाएगी। अन्य किसी भी वेबसाइट या तरीके से इन फ्लैट्स को बेचा नहीं जाएगा।





