सड़क पर हुआ एक्सीडेंट, ‘फैंटा’ उठाकर चलता बना शख्स, मुड़कर भी नहीं देखा

आजकल दुनिया इतनी बदल गई है कि कोई एक दूसरे के सुख दुख को समझना दूर, संवेदना भी नहीं दिखाना चाहता. इसके विपरीत जहां भी मौका मिलता है, लोग अपने फायदे के लिए किसी का नुकसान भी करने से पीछे नहीं हटते हैं. इसी से जुड़ा हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें आप एक शख्स की हरकत को देखकर हैरान रह जाएंगे.
सोशल मीडिया पर सिर्फ मनोरंजन की ही चीज़ें नहीं, कई बार कुछ ऐसा भी देखने को मिल जाता है, जो हमें सोचने पर मजबूर कर देता है. इस वक्त वायरल हो रहे एक वीडियो देखकर आप हैरान रह जाएंगे क्योंकि इसमें एक एक्सीडेंट वाली जगह पर कोई मदद के लिए तो नहीं आ रहा है लेकिन फ्री की कोल्ड ड्रिंक चुराने वाले तुरंत पहुंच गए.
हुआ था एक्सीडेंट, कोल्ड ड्रिंक लूटने लगे लोग
वायरल हो रहे वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक ट्रक का एक्सीडेंट हुआ है और डिवाइडर से टकराने के बाद उसके अंदर का सामान बाहर सड़क पर बिखर गया है. यहां पर एक शख्स फोन पर बात करता हुआ आता है और वहां से कोल्ड ड्रिंक की बोतलों का एक बड़ा सा पैकेट उठाकर चलता बनता है. वीडियो गाजियाबाद के लाल कुंआ हाइवे की तरफ का बताया जा रहा है. वो मुड़कर देखता भी नहीं कि वहां किसी मदद की ज़रूरत है या नहीं.
लोग बोले- ‘कोल्ड ड्रिंक ज्यादा ज़रूरी है’
इस वीडियो को एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट द्वारा शेयर किया गया है, जिसे खबर लिखे जाने तक चार लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. वीडियो पर लोगों के कमेंट भी जमकर आ रहे हैं. किसी यूज़र ने लिखा कि ये मतलबी इंसान है तो किसी अन्य यूज़र का कहना था – फैंटा का फैन होगा. वहीं पर कुछ यूज़र्स ने ये भी कहा कि दुनिया ऐसी ही है, जहां एक्सीडेंट से ज्यादा कोल्ड ड्रिंक ज़रूरी है.





