दुनिया का इकलौता ऐसा गांव, जो फैला तो है 9 किलोमीटर तक

दुनियाभर में कई ऐसी विचित्र जगहें हैं, जिनके बारे में जानकर हैरानी होती है. कहीं किसी शहर में सबसे संकरी गलियां हैं, तो कहीं पर लोग आने-जाने के लिए सिर्फ बोट या फेरी का ही इस्तेमाल करते हैं. कई ऐसी दुर्गम जगहें भी हैं, जहां के पहाड़ी रास्तों से होकर लोग एक जगह से दूसरे जगह जाते हैं. लेकिन आज हम आपको एक ऐसी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं, जो यूं तो 9 किलोमीटर के दायरे तक फैला है, लेकिन वहां सिर्फ एक ही रास्ता है. यानी की हर घर एक रास्ते पर बना है. ये कोई शहर नहीं, बल्कि एक गांव है, जो पोलैंड के क्राकोव के पास स्थित है. इस गांव का नाम सोलोसजोवा है. इसे दुनिया के सबसे लंबे गांवों की लिस्ट में भी शुमार किया जाता है.

आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन बता दें कि इस गांव की लंबाई भले ही 9 किलोमीटर हो, लेकिन चौड़ाई सिर्फ 150 मीटर ही है. इसका मतलब यह है कि गांव के बीच से होकर मुख्य सड़क गुजरती है और उसी के किनारे-किनारे सारे के सारे 1600 घर बने हुए हैं. घर के पीछे की तरफ खेत हैं. यहां की कुल आबादी 6200 के आसपास है. बताया जाता है कि पोलैंड के मुख्य शहर क्राकोव से यह लगभग 30 KM दूरी पर स्थित है, जिसे 14वीं सदी में बसाया गया था. शुरुआत में इस गांव का दायरा महज 500 मीटर तक ही फैला था, लेकिन समय के साथ गांव में नए घर बनते चले गए और इसकी लंबाई भी बढ़ती गई.

हाल ही में सोशल मीडिया पर इस गांव की एक तस्वीर खूब वायरल हुई, जिसे आसमान से कैप्चर किया गया था. एरियल व्यू वाली इस तस्वीर को पहली बार में देखने पर लगता है कि ये कोई पेंटिंग है. इसलिए कुछ लोग इसे “लिटिल टस्कनी” भी कहते हैं, क्योंकि इसका लेआउट बहुत अलग है. लेकिन ये गांव वाकई में अद्भुत है. यहां लोगों की सुविधाओं के मद्देनजर हर चीज उपलब्ध है, जिसमें अस्पताल, बैंक, स्कूल और अन्य मूलभूत चीजें शामिल हैं. बताया जाता है कि इस गांव के लोगों में भी काफी एकता है. वे हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ होते हैं.

सबसे बड़ा गांव कौन-सा है?
पोलैंड का सोलोसजोवा दुनिया के सबसे लंबे गांवों में से एक है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सबसे बड़ा गांव कौन सा है? अगर नहीं जानते तो बता दें कि बांग्लादेश का बनियाचोंग गांव दुनिया का सबसे बड़ा गांव है, जहां की आबादी करीब 2 लाख 40 है. हबीगज जिले में स्थित इस गांव में कुल 50.84 फीसदी पुरुष हैं, जबकि 49.16 फीसदी महिलाएं हैं. वहीं, भारत के सबसे बड़े गांव की बात करें तो यह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में स्थित है, जिसका नाम गहमर है. गहमर गांव अपने इतिहास की वजह से भी जाना जाता है, जहां के लगभग हर घर से कोई न कोई फौज में है.

Back to top button