रात को ऑटो चला कर गुजारा करती हैं ये आंटी, वजह पूछने पर बयां किया दर्द

महिलाओं को रोजगार के लिए हट कर काम करने की खबरें आपने बहुत सुनी होंगी. पर एक महिला ऑटो चलाती हुई दिखाई दे रही है और वो भी रात को. इस वीडियो में हुए एक छोटे से इंटरव्यू में महिला ने अपनी कहानी सुनाते हुए बताया है कि उसे यह काम क्यों करना पड़ रहा है और वह उसे गर्व से क्यों कर रही है. आंटी के इस साहस की लोग खूब तारीफ तारीफ कर रहे हैं और उनका यह वीडियो जम कर पसंद भी कर रहे हैं.
इस वीडियो में एक शख्स एक 55 साल की महिला से बात कर रहा है. इसमें वजह पूछ रहा है कि रात के 12 बजे वह ऑटो क्यों चला रही हैं? आंटी ने अपने रोजगार की जरूरत का हवाला दिया और बताया कि वो शाम तक रात के लिए खाना बनाती हैं और फिर देर रात तक ऑटो चलाती हैं.
जब आंटी से पूछा गया कि उन्हें ऐसा क्यों करना पड़ रहा है, उन्होंने बताया कि उनका इकलौता बेटा है जो कमाता नहीं है, बल्कि उन्हीं से पैसे मांगता है. उसके पिता जब वह 2 साल का था तभी शांत हो गए थे, इसलिए अपना गुजारा करने के लिए उन्हें यह काम करना पड़ता है.
अपने काम करने के बारे में आंटी ने बताया कि भीख मांगने से अच्छा है कि कोई मेहनत मजदूरी करें. काम में कोई शर्म नहीं है. भीख मांगने में शर्म है. कोई भी काम करें, काम की कमी नहीं है, करने वाला चाहिए. लोगों को आंटी का दिल छू लेने वाला जज्बा बहुत पसंद आ रहा है.
इंस्टाग्राम के aapkartekyaho अकाउंट से इस वीडियो को शेयर किया गया है. जिसे अब तक 54 लाख लोगों ने देखा है. लोगों ने भी आंटी के इस साहस और जज्बे को सलाम किया है. कमेंट में उन्होंने आंटी पर गर्व महसूस करते हुए उनके प्रति सम्मान भी जताया है. वहीं कुछ यूजर्स ने कहा है कि ऐसे लोगों को सरकार की ओर से सम्मान मिलना चाहिए.





