1 हजार साल पुराने किले में दिखा टॉयलेट, आज के शौचालय से काफी अलग

भारत के कई हिस्सों और ग्रामीण इलाकों में आज भी लोग खुले में शौच करते हैं. बहुत से शहर, गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाया गया है पर ये कोशिशें अभी भी जारी हैं. क्या आपने कभी सोचा है कि जब आज का ये हाल है, तो प्राचीन समय में लोग कहां शौच करने जाते होंगे? क्या पुराने समय में शौचालय थे, और अगर थे तो वो दिखते कैसे थे? इन दिनों एक प्राचीन किले का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 1 हजार साल पुराना नजर आ रहा है. इस किले में एक टॉयलेट (Toilets in ancient times) देखने को मिल रहा है.
इंस्टाग्राम अकाउंट @explainingeverythings पर अक्सर अजब-गजब वीडियोज पोस्ट किए जाते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें एक 1000 साल (1000 year old toilet in castle) पुराना किला है. इस किले में पुराने समय का टॉयलेट भी बना है. वीडियो के साथ बताया गया कि किलों में जो टॉयलेट होते थे, वो दीवार से सटाकर बाहर की ओर बनाए जाते थे, जिससे गंदगी किले से बाहर, सीधे नीचे गिर जाती थी. कई बार ये गंदगी सीधे पानी के सोर्स में गिर जाती थी. कई बार गंदगी को उठाने के लिए लोग नियुक्त किए जाते थे.
ऐसे होते थे पुराने टॉयलेट
आप देख सकते हैं कि टॉयलेट तक जाने के लिए ऊपर की ओर सीढ़ियां बनी हुई हैं. पतले रास्ते से ऊपर की ओर जाने पर अंदर एक उठा हुआ प्लेटफॉर्म दिख रहा है, जिसमें खुला शाफ्ट बना है. ये नीचे तक खुला है. इसी पर बैठकर लोग मल त्याग सकते थे. ये बेहद छोटा सा कमरा है. इस टॉयलेट को देखकर बहुत से लोगों ने हैरानी जताई है.
वीडियो हो रहा है वायरल
वीडियो वायरल हो रहा है, इसे 5 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि कोई भी हत्यारा खुली जगह से ऊपर आकर राजा को मार सकता है. एक ने कहा कि फ्लश करने वाले टॉयलेट और सीवर सिस्टम का निर्माण सबसे अच्छा आविष्कार है.





