हरियाणा: मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में होगी बढ़ोतरी, 45 पार जाने की संभावना

प्रदेश में शनिवार को आंधी व बादलवाही के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली। हालांकि मौसम विशेषज्ञ की मानें तो वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ रविवार दोपहर तक आगे निकल जाएगा। इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी और यह 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पिछले तीन दिनों से लगातार मौसम में अस्थिरता बनी हुई है। लगातार तेज गति से हवाएं व अंधड़ चल रही है और छिटपुट बूंदाबांदी की गतिविधियों को भी दर्ज किया गया है। इसने भीषण गर्मी और लू काे खात्म कर दिया है और तापमान में गिरावट ला दी है।

शनिवार को भी कई स्थानाें पर 5-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गति से हवाएं व अंधड़ चलने की गतिविधियों को दर्ज किया गया। इसके अलावा कहीं-कहीं बादलवाही भी रही। शनिवार को प्रदेश में रात का तापमान 25.0 से 29.0 डिग्री और दिन का तापमान 38.0 से 42.0 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

Back to top button