इस जेल के जुल्म से इतने तंग आ गए कैदी, कर डाली भूख हड़ताल

जेलों में कैदियों पर जुल्म होते हैं यह कोई अनोखी बात नहीं है. पर कई बार जेलों में जुल्म की इंतहा हो जाती है. हालात ऐसे हो जाते हैं कैदी खुद ही बगावत पर या फिर हड़ताल पर उतर आते रहैं. ऐसा ही कुछ हाल ही में अमेरिका के वर्जीनिया के ‘रेड ओनियन’ स्टेट जेल में हो रहा है. यह कुख्यात ‘सुपरमैक्स’ जेल कैदियों के साथ कठोर व्यवहार के लिए मशहूर है, जिसमें कुछ को कथित तौर पर प्रत्येक दिन 23 घंटे ‘एकांत कारावास’ में बिताने के लिए मजबूर किया जाता है.
वर्जीनिया की पश्चिमी सीमा पर वाइज काउंटी में स्थित, ‘रेड ओनियन’ स्टेट जेल दो जेलों से बनी है, जो एक दूसरे से थोड़ी ही दूरी पर हैं. रेड ओनियन को 1998 में खोला गया था और इसमें 800 से अधिक कैदी हैं, जिनमें अमेरिका के कुख्यात अपराधी शामिल हैं. किसी भी अमेरिकी जेल में जीवन कभी भी आसान नहीं होता है, लेकिन रेड ओनियन के अंदर हालात ऐसे हो गए कि कैदियों ने हाल ही में भूख हड़ताल कर दी, ताकि दुनिया को पता चल सके कि उनके साथ कितना बुरा बर्ताव किया जा रहा है.
‘सुपरमैक्स’ होने का मतलब है कि रेड ओनियन को कुछ लोग एकांत कारावास के समान बताते हैं, जिसमें कैदियों को 8-फुट से 10-फुट के सेल्स में रखा जाता है. वर्जीनिया डिपार्टमेंट ऑफ करेक्शंस के प्रवक्ता काइल गिब्सन ने कहा, “इस समय रेड ओनियन स्टेट जेल में सात कैदी भूख हड़ताल पर हैं. ये भूख हड़तालें अलग-अलग हैं, यानी हर कैदी के पास भूख हड़ताल का एक खास कारण है.”
पूर्व कैदी केनेथ हंटर द्वारा आयोजित एक फेसबुक टाउन हॉल ने कुछ कारणों को गिनाया है. इसमें गार्डों का बुरा बर्ताव, एकांत कारावास और कुत्तों का धमकाने और डराने के लिए उपयोग शामिल है. हड़ताल करने वालों ने जोवेल ले गेंड्रे की असामयिक मौत की ओर भी ध्यान खींचने की कोशिश की. उसकी 24 अगस्त 2023 को हिरासत में मौत हो गई थी.





