गर्मी से परेशान हुई रशियन लड़की, सड़क किनारे ठेले पर सोडा पीने पहुंची, पूछा ऐसा सवाल…

भारत में गर्मी का जो हाल है, वो तो आप खुद ही देख रहे होंगे और महसूस भी कर रहे होंगे. इस मौसम में हर कोई कोशिश करता है कि वो धूप में न निकले, लेकिन अगर मजबूरी में निकलना पड़ जाए, तो इंसान को खुद को हाइड्रेटेड रखना चाहिए. ऐसा ही एक रशियन लड़की ने भी सोचा, जो भारत भ्रमण पर है. हाल ही में उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो गर्मी से इतना परेशान हो गई, कि सड़क किनारे लगे ठेले पर चली गई जहां उसने सोडा (Russian girl drink soda viral video) पिया. पर सोडे वाले से उसने एक मजेदार सवाल किया, जिसपर उस शख्स को भी हंसी आ गई.
मारिया चुगुरोवा (Mariia Chugurova) एक रशियन कंटेंट क्रिएटर हैं जो गोवा में रहती हैं. पर वो आजकल उत्तर भारतीय शहरों में घूम रही हैं और आम लोगों से मिलकर उनके साथ बातचीत के अपने अनुभवों को सबको दिखा रही हैं. अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @mariechug पर उन्होंने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वो गर्मी से परेशान होकर सड़क किनारे ठेले से सोडा पीते नजर आ रही हैं. इस बीच वो सोडे वाले से बातें भी करती हैं.
रशियन लड़की ने पिया सोडा
मारिया दुकानदार से पूछती है कि कहीं वो बिज़ी तो नहीं है? उसके बाद वो उससे सोडा मांगती है, जिसमें वो नमक-चीनी नहीं मिलवाती. शख्स उसे बताता है कि एक ग्लास 30 रुपये का है. वो पीने के लिए राजी हो जाती है. फिर दुकानदार सोडा बनाने लगता है. इस बीच मारिया उससे पूछती है- अगर आप सोडे में नमक नहीं डाल रहे, तो क्या 30 रुपये का ग्लास, 25 रुपये में देंगे? वो ये सवाल पूछकर खुद भी हंसने लगती है और शख्स भी मुस्कुरा देता है. लड़की बोलती है कि वो भारतीय नामों को याद करने की कोशिश कर रही है, पर वो काफी मुश्किल होते हैं. जब वो सोडा पीती है, तो उसके स्वाद से तुरंत बता देती है कि वो असल में स्प्राइट कोल्ड ड्रिंक है. ये पीकर उसे बहुत राहत मिलती है, वो कहती है कि गर्मी बहुत है और उसे बहुत प्यास लगी थी. फिर वो शख्स को रुपये देती है और उसे बाय कहकर वहां से चली जाती है.
वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 18 लाख व्यूज मिल चुके हैं और बहुत से लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया कमेंट सेक्शन में दी है. एक ने कहा- कोई इसको आधार कार्ड दिलवा दो. एक ने कहा कि ये इंस्टाग्राम पर दिखने वाली भारतीय लड़कियों से ज्यादा भारतीय नजर आ रही है. एक ने कहा कि शख्स ने 20 वाली स्प्राइट को 30 रुपये में पिलाया है!





