चलती कार में पूल पार्टी, तिरपाल बांध लड़कों ने किया जुगाड़, पर हो गई ऐसी गलती

सोशल मीडिया ऐसी चीज़ है, जहां हर कोई पॉपुलर होना ही चाहता है. इसके लिए कई बार लोग अजीबोगरीब स्टंट्स भी करते हैं. एक यूट्यूबर ऐसा ही कर रहा था कि उसका एक दांव उल्टा पड़ गया और सारे प्लान पर पानी फिर गया. कथित तौर पर वो लोकप्रिय मलयाली फिल्म का एक सीन कॉपी कर रहा था, जिसने उसे रील और रियल लाइफ का फर्क समझा दिया.

लाइक्स और व्यूज़ बटोरने के चक्कर में लोग क्या नहीं करते हैं. कुछ ऐसा ही करते हुए एक यूट्यूबर संजू टेकी और उसके दोस्तों से ऐसी गलती हुई कि उनको लेने के देने पड़ गए. संजू टेकी ने अपने एक दिलचस्प स्टंट का वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसे हज़ारों लोगों ने देख भी लिया पर दिक्कत ये हुई कि वीडियो पुलिस की नज़रों तक भी पहुंच गया. उसके बाद जो हुआ, वो इन लड़कों ने सोचा भी नहीं होगा.

तिरपाल बांधकर गाड़ी में पूल पार्टी
जो वीडियो संजू ने अपलोड किया है, उसमें वो अपने दोस्तों के साथ टाटा सफारी गाड़ी में तिरपाल बांधकर पहले तो पानी भरता है और फिर इसमें बैठकर पूल के मज़े लेने लगता है. उसके साथ कुछ दोस्त भी होते हैं, जो पानी में बैठकर नारियल पानी का लुत्फ उठा रहे होते हैं. यहां तक तो ठीक था, जैसे ही पानी ड्राइवर की सीट और इंजन में रिसने लगा, तो उन्होंने बीच सड़क पर ही पानी छोड़ना शुरू कर दिया. इससे न सिर्फ ट्रैफिक जाम लग गया बल्कि लोगों के लिए खतरा भी पैदा हो गया.

पार्टी के बाद ‘पनिशमेंट’
वीडियो की आलोचना होने के बाद मोटर वाहन विभाग ने यूट्यूबर को तलब किया. मोटर वाहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनका इतनी मात्रा में पानी छोड़ना खथरनाक हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक सज़ा के तौर पर टेकी और उसके दोस्तों को सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हफ्ते भर समाज सेवा और प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने का निर्देश दिया गया है. इतना ही नहीं ड्राइवर का लाइसेंस सालभर के लिए निलंबित किया जाएगा.

Back to top button