आप भी खाते हैं हरा-भरा खीरा? तो देख लें, कैसे थूक लगाकर हो रही पैंकिग

खीरा, तरबूज, खरबूज, ककड़ी, आम, लीची… ये कुछ ऐसे फल और सब्जियां हैं, जो मुख्य रुप से गर्मी में मिलते हैं. लेकिन इनमें से कुछ चीजें पूरे साल मिल जाती हैं. खीरा भी वैसा ही है. लेकिन खीरे से जुड़ा एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद आप इसे खाने से पहले हजार बार सोचेंगे. ऐसा इसलिए क्योंकि पैकिंग के दौरान खीरे को लोग थूक लगाकर पैक कर रहे हैं. वायरल हो रहा ये वीडियो अफगानिस्तान का है.
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि 3-4 लोग पोलिथिन के अंदर खीरे को पैक कर रहे हैं. एक शख्स पैर फैलाए हुए है, तो दूसरा शख्स मुंह में खीरे को डालकर पोलिथिन के अंदर डाल रहा है. गीला होने की वजह से ज्यादा खीरे एक ही पोलिथिन में घुस जा रहे हैं. पैकिंग के बाद थूक लगाने वाले शख्स के पीछे बैठा लड़का उसे इकट्ठा कर रहा है. बता दें कि इससे पहले भी कोरोना के समय कई बार इस तरह के वीडियो वायरल हुए थे. किसी वीडियो में कोई शख्स सेब को चाटकर बेचता हुआ नजर आया था, तो कोई केले पर थूक रहा था.
खीरे के इस वीडियो की बात करें तो यह अफगानिस्तान का है, लेकिन इसे देखने के बाद आप इस वैरायटी के खीरे को खाने से पहले हजार बार सोचेंगे. सोशल मीडिया पर ये वीडियो खूब देखा जा रहा है. इंस्टाग्राम पर इसे @h00sh.masnoi नाम के यूजर ने शेयर किया है और कैप्शन लिखा है, ‘मुझे खीरे के लिए बुरा लग रहा है.’ वीडियो को 57 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि 20 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है.
इतना ही नहीं, अब तक इस वीडियो पर 1 हजार से ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं. एक यूजर ने लिखा है कि सब्जियों को खाने से पहले उसे अच्छे से जरूर धो लें. दूसरे यूजर ने लिखा है कि हंसो मत, क्योंकि कोरोना भी ऐसे ही फैला था. तीसरे यूजर ने लिखा है कि यही वजह है कि खीरा इतना ज्यादा स्वादिष्ट होता है. जबकि चौथे यूजर ने अपने कमेंट में लिखा है कि अब मैं खीरा कभी नहीं खाउंगा.





