दारूबाज दोस्तों को बता दीजिए, अब शराब भरकर खा सकते हैं गोलगप्पे

सोशल मीडिया पर अजीब से लेकर मजेदार वीडियो बहुत देखने को मिलते हैं. कुछ वीडियो अनोखी जुगाड़ दिखाते हैं जिसमें किसी समस्या का रोचक समाधान होता है, तो वहीं कई वीडियो में समाधान भी मजेदार होता है. कुछ में लोगों को नई रेसिपी ट्राई करने की सलाह दी जाती है, जिन्हें लोग पसंद करते हैं. लेकिन एक वीडियो में इन सब का मिला जुला रूप देखने को मिल रहा है. इस वीडियो में गोलगप्पों में पानी की जगह शराब के इस्तेमाल करने का आइडिया दिया जा रहा है.

इसमें कोई संदेह नहीं है कि इस वीडियो का मकसद आनंद लेना है. इसका कैप्शन भी रोचक है जिसमें शेयर करने वाले ने अंग्रेजी के अक्षरों में लिखा है, “मंजिल से ज्यादा सफर का आनंद लता हूं.” इसके बाद इसमें हिंदी में लिखा है,” दिल मैं में जिनको भी जगह देता हूँ खुद से ज़्यादा मैं उनका ख्याल रखता हूँ जैसे के तुम मेरे दोस्त”

वीडियो में एक शख्स के हाथ दिखाए जा रहें हैं जिसमें एक शराब की बोतल है. बोतल के आकार से ये देसी दारू लग रही है. हाथ के नीचे गोलगप्पों की प्लेट हैं लेकिन पास के दो हाथों में फूटे हुए गोलगप्पे हैं जिसमें यह शख्स शराब भर रहा है. बैकग्राउंड में सोशल मीडिया पर मशहूर लाइन सुनाई दे रही हैं, “हे प्रभु, हे हरिराम कृष्ण जगन्नाथम प्रेमानंद, ये क्या हुआ!”

इंस्टाग्राम पर ये वीडियो royal_boy_himu_007 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो को 11.9 मिलियन यानी 1.19 करोड़ लोग देख चुके हैं. इसे इसी साल शेयर किया गया था. लेकिन कमेंट इस पर अब भी आते रहते हैं. कुछ लोगों ने इसे दारू पुरी नाम दिया है तो कुछ लोगों ने पानी बचाने की एक तरीका करार दिया है.

Back to top button