ब्रेकफास्ट से लेकर ईवनिंग स्नैक्स तक बेस्ट है पालक से बनी ये डिश

सुबह के नाश्ते और शाम के नाश्ते में सभी को कुछ न कुछ टेस्टी खाना पसंद होता है। कुछ ऑप्शन्स टेस्टी तो होते हैं, लेकिन हेल्दी नहीं होते। कुछ फूड आइटम्स का सेवन करने से मोटापा, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने लगता है। आज हम आपके लिए एक ऐसी डिश लेकर आए हैं, जो स्वाद में टेस्टी तो है ही, लेकिन हेल्दी भी है। इसे बनाने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगता है।
मूंग दाल पालक ढोकला एक गुजराती डिश है। यह स्वाद और सेहत के लिए बेस्ट है। गुजराती लोग इसे ब्रेकफास्ट के साथ-साथ लंच और डिनर में भी खाना पसंद करते हैं। मूंग दाल और पालक दोनों ही प्रोटीन, फाइबर और कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर हैं। यह एक हेल्दी और बैलेंस डाइट का अच्छा ऑप्शन है। आइए, जानते हैं कि मूंग दाल पालक ढोकला बनाने की रेसिपी क्या है।
मूंग दाल पालक ढोकला रेसिपी
सामग्री
छिलके वाली मूंग दाल- 1 कप
चावल ( 3 से 4 घंटे भिगोई हुई)- 1/4 कप
पालक कटी और उबली हुई- 1 गड्डी
हरी मिर्च स्वादानुसार
छोटा अदरक का टुकड़ा
कटी धनिया की पत्ती
पानी आवश्यकतानुसार
नमक स्वादानुसार
ईनो या फ्रूट सॉल्ट- 1 पाउच
लाल मिर्च पाउडर
1 चम्मच तेल
राई
हींग
करी पत्ता
तिल
बनाने की विधि
मूंग दाल पालक ढोकला बनाने के लिए सबसे पहले मिक्सी में दाल-चावल, उबली पालक, हरी धनिया, अदरक, हरी मिर्च और पानी डालकर इसे अच्छी तरह पीस लें।
अब एक बाउल में इस मिक्स को निकालकर नमक और ईनो पाउडर मिला लें।
इसके बाद एक थाली पर अच्छी तरह से तेल ग्रीस कर लें। स्टीमर में पानी भी उबलने के लिए रख दें।
अब इस थाली पर ढोकले का बैटर डालें। ऊपर से थोड़ी सी लाल मिर्च भी छिड़क दें। स्टीमर में इस थाली को सेट कर दें। कम से कम 15 से 20 मिनट तक इसे स्टीम करें।
अब इसके लिए तड़का तैयार करें।
तड़के के लिए एक पैन में तेल गरम कर लें। इसमें राई, हींग, तिल और करी पत्ते का तड़का लगाएं।
अब आपके तैयार ढोकले पर इस तड़के को डालें और पीसेज में काटकर सर्व करें।
आयरन और प्रोटीन से भरपूर यह ढोकला नाश्ते में बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएगा।





