हम आपको कुछ सुझाव देने जा रहे हैं, जो अगली बार आपके कटे हुए आमों के लिए काफी मददगार साबित होंगे

गर्मी का मौसम अपने साथ रसीले और मीठे फलों को भी लेकर आता है, जिसमें से एक आम भी है। आम लगभग सभी का पसंदीदा फल होता है, जिसे हर कोई अपने-अपने अंदाज में खाना चाहता है। कुछ लोग इसका रस बनाते हैं, तो कुछ लोग इसे ऐसे ही खाना पसंद करते हैं। तो वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिन्हें आम को काटकर खाना अच्छा लगता है।

लेकिन इनका स्वाद किरकिरा तब हो जाता है जब ये इसे काटते हैं, यह जल्दी से डार्क होने लग जाते हैं। और कोई भी काला और गीला आम नहीं खाना चाहता। इसलिए हमेशा ताजे कटे आम का सेवन करना सबसे अच्छा होता है। लेकिन कई बार कटे हुए आम बच जाते हैं और तब हम नहीं जानते कि उनका क्या किया जाए। हम इस लेख आपको इसी समस्या से जुड़े कुछ सुझाव देने जा रहे हैं, जो अगली बार आपके कटे हुए आमों के लिए काफी मददगार साबित होंगे।
कटे हुए आमों का कालापन रोकने के लिए टिप्स-
स्टेप 1: काला पड़ने से बचने के लिए पहला कदम है सही आम चुनना। अगर आप आमों को बाद में खाने के लिए काटते और स्टोर करते हैं, तो ऐसे आमों की तलाश करें जो पके हों लेकिन ज्यादा पके न हों। अधिक पके आम जल्दी भूरे पड़ सकते हैं, इसलिए इनसे बचना ही बेहतर है। ऐसे आम चुनें जो छूने में सख्त हों लेकिन दबाने पर मुलायम हों।
स्टेप 2: सही आम को चुनने के बाद इसे तुरंत न काटें। पहले आम को धोकर सुखा लें, इसके बाद एक तेज चाकू की मदद से आम के बीज के चारों ओर एक चीरा लगा दें। अंत में आपको आम के दो भाग मिलेंगे। अब अगर आपको आम को बाद में इस्तेमाल करने के लिए स्टोर करना है, तो आम को छीलकर क्यूब्स में काट लें ताकि उन्हें आसानी से स्टोर किया जा सके।
स्टेप 3: ऑक्सीडेशन को रोकने के लिए, कुछ एसिडिक रस छिड़क कर आम के क्यूब्स पर एक सुरक्षात्मक परत बनाएं। इसके लिए नींबू का रस, अनानास का रस या संतरे के रस का उपयोग किया जा सकता है। जूस में मौजूद एसिड ऑक्सीडेशन प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करता है और आपके आमों को काफी समय के लिए ताजा और चमकदार बनाए रखता है।
स्टेप 4: कटे हुए आमों को स्टोर करने का सबसे अच्छा तरीका है इसे एक एयरटाइट कंटेनर में रखें। यह हवा के सीधे संपर्क को रोकेगा और ऑक्सीडेशन की संभावना को कम करेगा। इन्हें काटने और इनमें एसिडिक रस मिलाने के बाद इन्हें साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख दें। बॉक्स के अलावा आप उन्हें जिप-लॉक बैग में भी स्टोर कर सकते हैं, लेकिन इसे सील करने से पहले अतिरिक्त हवा निकालना न भूलें।
स्टेप 5: अंत में, कटे हुए आमों को ठंडी जगह पर स्टोर करना न भूलें। आमों को एयर-टाइट कन्टेनर या जिप-लॉक बैग में भरकर फ्रिज में रख दें। इस तरह से आम 4-5 दिनों तक ताज़ा रहेंगे। ठंडा तापमान ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया को धीमा कर देगा।
आम काटने के बाद काला क्यों हो जाता है?
कटने के बाद आम के काला होने की सबसे बड़ी वजह है ऑक्सीडेशन। जब ये हवा के संपर्क में आते हैं, तो हवा में मौजूद ऑक्सीजन गूदे से संपर्क करती है और फलों का रंग उड़ जाता है। हालांकि, ये अभी भी खाने योग्य हो होता है, लेकिन पहले जितना स्वादिष्ट नहीं।





