कार ने स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई..

रेवाड़ी के गांव जयसिंहपुर खेड़ा से पैदल अपने गांव जा रहे किशोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। किशोर की गुरुग्राम में उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरी ओर गांव गादला मोड़ के निकट इको कार ने स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। रेवाड़ी में पैदल अपने गांव जा रहे किशोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद किशोर को उपचार के लिए गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया।

पैदल जा रहा था किशाेर
दिल्ली पुलिस में कार्यरत सत्यप्रकाश ने अपनी शिकायत में कहा है कि बुधवार की शाम उनका 17 वर्षीय बेटा आर्यन किसी काम से जयसिंहपुर खेड़ा से मानका वाले रोड पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने आर्यन को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन ने आर्यन को उपचार के लिए गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हेडकांस्टेबल पवन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है और मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
स्कूटी सवार को मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, गांव रतनथल के रहने वाले चांदराम गुरुवार को स्कूटी पर सवार होकर गांव गुरावड़ा जा रहे थे। उन्होंने हेलमेट भी पहना हुआ था। वह गांव गादला के निकट पहुंचे तो एक तेज रफ्तार इको कार ने उन्हें ओवरटेक करते समय साइड मार दी, जिससे वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर कर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत ही गुरावड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां से रेवाड़ी के लिए रेफर कर दिया गया। स्वजन ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हेडकांस्टेबल रजनीश ने बताया कि फिलहाल पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्जवन को सौंप दिया गया है और रतनथल के रहने वाले जयभगवान की शिकायत पर इको कार चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।





