पीएम मोदी ने किया एयरो इंडिया 2023 के 14वें संस्करण का उद्घाटन…

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बेंगलुरु के येलहंका वायु सेना स्टेशन में एयरो इंडिया 2023 के 14वें संस्करण का उद्घाटन किया। साथ ही पीएम मोदी ने एयरो इंडिया 2023 पर स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। एयरो इंडिया 2023 के 14वें संस्करण में पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा एक ऐसा क्षेत्र है, जिसकी तकनीक, मार्केट और सतर्कता को सबसे जटिल माना जाता है। हमारा लक्ष्य है 2024-25 तक इसके निर्यात के आंकड़े को डेढ़ बिलियन से बढ़ाकर 5 बिलियन डॉलर तक ले जाया जाए।

‘आज का भारत तेज व दूर की सोचता है और तुरंत फैसला लेता है’

पीएम मोदी ने कहा कि अमृतकाल का भारत एक फाइटर पायलट की तरह आगे बढ़ रहा है, जिसको ऊंचाइयां छूने से डर नहीं लगता। जो सबसे ऊंची उड़ान भरने के लिए उत्साहित है। आज का भारत तेज सोचता है, दूर की सोचता है और तुरंत फैसले लेता है।

नया भारत अब नहीं गंवाएगा कोई मौका- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का नया भारत अब न तो कोई मौका गंवाएगा और न ही मेहनत करने में पीछे रहेगा। हम तैयार हैं। सुधारों की राह पर हम हर क्षेत्र में क्रांति ला रहे हैं। दशकों तक रक्षा का सबसे बड़ा आयातक देश अब 75 देशों को रक्षा उपकरण निर्यात करता है।

न्यू इंडिया की नई सोच को दर्शाता है एयरो शो’

पीएम मोदी ने कहा कि एयरो इंडिया 2023 न्यू इंडिया की नई सोच को दर्शाता है। एक समय था जब इसे महज एक शो समझा जाता था। पिछले कुछ सालों में देश ने इस धारणा को बदल दिया है। आज यह सिर्फ दिखावा नहीं है, बल्कि भारत की ताकत भी है। यह भारतीय रक्षा उद्योग के दायरे और आत्मविश्वास पर केंद्रित है।

Back to top button