उत्तर प्रदेश के हापुड़ में केमिकल फैक्ट्री में बड़ा हादसा, 9 लोगों की हुई मौत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में कैमिकल फैक्ट्री में बड़ा हादसा हुआ है. यहां बॉयलर फटने (Hapur Boiler Blast) से कई मजदूर झुलस गए हैं. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं. घायलों को नजदीक के अस्पतालों में ले जाया गया है. मौके पर आला अधिकारी भी पहुंच गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि अभी मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. ये हापुड़ के धौलाना थाना के UPSIDC की घटना है. मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंच गई हैं और राहत बचाव कार्य किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि इस हादसे में अभी तक 9 मजदूरों के शव मिले हैं. हादसे में मरने वाले मजदूरों के शव बुरी तरह से जल चुके हैं. कुछ लोगों के अभी भी फैक्ट्री में फंसे होने की आशंका है. आसपास के लोगों का कहना है कि ये धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई. वहीं आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि एक औद्योगिक इकाई में उपकरण बनाने का कारखाना है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने के लिए अधिकृत किया गया था. फॉरेंसिक और अन्य टीमें जांच कर रही हैं. हादसे में जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी. हापुड़ की डीएम मेधा रूपम ने बताया कि ये इलेक्ट्रॉनिक गुड्स बनाने के लिए फैक्ट्री थी. लेकिन अंदर क्या चल रहा था यह जांच का विषय है. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
पीएम मोदी ने जताया दुख
वहीं इस हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है. पीएमओ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पीएम ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में हुआ हादसा हृदयविदारक है. इसमें जिन लोगों को जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. घायलों के इलाज और दूसरी हर संभव सहायता में राज्य सरकार तत्परता से जुटी है.





