यूपी सरकार का किसानों की कर्ज माफी का वादा अधूरा : कांग्रेस

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के किसानों के कर्ज माफी के फैसले को टूटा वादा करार दिया है। कांग्रेस का कहना है कि अब वक्त आ गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों से किए अपने वादे को शब्दशः पूरा करें।
यह भी पढ़े: अभी अभी: योगी सरकार का आया बड़ा फैसला, एक लाख तक का कर्ज किया माफ़
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों पर 92,241 करोड़ रुपये का कर्ज है। जबकि सरकार ने फसल पर लिए गए 36,000 करोड़ रुपये के कर्ज को ही माफ किया है। किसानों का 56,241 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया रख कर भाजपा ने किसानों को बेवकूफ बनाया है।
इस लोकलुभावन फैसले से किसानों को परेशानी की इस हालत में कोई मदद नहीं होगी। उत्तर प्रदेश केबिनेट के फैसले से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। 36 हजार करोड़ के कर्ज माफ करने किसान कर्ज से मुक्त नहीं होंगे और ना ही उनकी परेशानियां कम होंगी।
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा के घोषणापत्र में फसल पर ऋण और किसी और तरह के कर्ज का फर्क नहीं किया गया था। इस आधे-अधूरे सच से किसान कर्ज के दुष्चक्र से बाहर नहीं आ सकेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 79.45 फीसद किसान सीमांत हैं। जबकि 13.01 फीसदी किसान छोटे हैं।
इन सभी को नई भाजपा सरकार से राहत मिलने की बड़ी उम्मीदें थीं। वह उम्मीद करते हैं योगी सरकार गन्ना किसानों का भी वर्ष 2016-17 का 6,561 करोड़, 2015-16 का 599 करोड़ और 2014-15 का बकाया 153 करोड़ रुपया भी अदा कर देगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा ने बड़े कारपोरेट घरानों और उद्योगों के 1.4 लाख करोड़ के कर्ज माफ किए हैं।





