कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रवक्ता राजीव त्यागी का हार्ड अटैक से निधन

कांग्रेस नेता और प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। पार्टी की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव त्यागी जी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। पार्टी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
राजीव त्यगी विनम्र स्वभाव के एक कुशल वक्ता थे और टीवी की बहसों में पार्टी का पक्ष जोरदार ढंग से रखते थे। राजीव त्यागी की तबीयत शाम तक पूरी तरह ठीक थी। वे शाम पांच बजे एक टीवी न्यूज चैनल पर डिबेट में शामिल भी हुए थे। बताया जा रहा है कि बाद में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आज शाम भी टीवी डिबेट में उनके साथ रहे बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने शोक जताते हुए कहा, ”विश्वास नहीं हो रहा है कंग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं हैं। आज 5 बजे हम दोनों ने साथ में टीवी चैनल पर डिबेट भी किया था। जीवन बहुत ही अनिश्चित है …अभी भी शब्द नहीं मिल रहे। हे गोविंद राजीव जी को अपने श्री चरणों में स्थान देना।”





