रामायण काल की तमसा नदी पर भी बनेगा मंदिर, यहां भी हुआ भूमि पूजन

नवादा। नवादा जिले के हिसुआ प्रखंड स्थित रामायण काल की तमसा नदी घाट पर भव्य सूर्य मंदिर निर्माण के लिए गुरुवार को भूमि पूजन किया गया।
इस मौके पर हिसुआ- गया रोड स्थित हीरो शो रूम के संचालक उमेश कुमार एवं उनकी पत्नी ने भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि तमसा घाट एक पवित्र स्थान है। यहां पर छठ पूजा का बहुत महत्व है।
यहां कार्तिक एवं चैत माह में छठ व्रतियों द्वारा उगते सूर्य एवं डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता हैं। भीड़ काफी रहती है पर यहां श्रद्धालुओं के लिए कोई खास व्यवस्था नहीं थी। इसलिए सूर्य मंदिर का निर्माण बहुत जरूरी है।
इसी उद्देश्य से हिसुआ के तमाम समाजसेवियों एवं हिसुआ विधायक अनिल सिंह के आर्थिक सहयोग और प्रयास से यहां भव्य सूर्यमंदिर बनाने की योजना है।
इस पावन कार्य के लिए हिसुआ के तमाम समाजसेवियों समेत जिले भर के लोगों का आर्थिक और शारीरिक सहयोग आपेक्षित है। आस पास के लोग यहां मन्दिर निर्माण को ले काफी उत्साहित हैं।





