प्रियंका गांधी ने भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप, कहा – लोकतंत्र को कुचल रही है सरकार

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज की रिहाई की मांग करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। प्रियंका ने कहा कि सैफुद्दीन सोज ने भारतीय लोकतंत्र की प्रक्रियाओं को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उनके साथ कैदी जैसा व्यवहार करके भाजपा सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है।
प्रियंका गांधी ने ट्यूटर पर आगे लिखा कि जम्मू-कश्मीर में एक साल से तानाशाही कायम है। प्रियंका ने कहा कि मैं सरकार को याद दिलाना चाहती हूं कि भारत एक लोकतंत्रात्मक गणराज्य है।
उल्लेखनीय है कि सोज की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर पति को अवैध हिरासत से रिहा करने की अपील की थी। इस पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने हलफनामा दायर कर कहा था कि सोज को न तो कभी हिरासत में लिया गया और न ही घर में नजरबंद रखा गया। बताते चलें कि पिछले दिनों सैफुद्दीन सोज ने दावा किया था कि उन्हें अब भी घर में नजरबंद करके रखा है। अब उनके घर के गेट को अंदर से भी बंद कर दिया गया है। सोज ने कहा कि सरकार ने 30 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि मुझे रिहा कर दिया गया है। सोज ने कहा था कि सरकार ने कोर्ट और उसके बाहर गलत बयान दिये हैं।





