प्रियंका ने वीडियो शेयर कर फैंस को सुनाई अपनी कहानी

मुबंई। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में प्रियंका ने अपनी जिंदगी के उन खूबसूरत पलों को याद किया है, जब उनके सर पर मिस इंडिया का ताज सजा था। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए प्रियंका ने लिखा-‘ठीक है दोस्तों, हमलोग ये कर रहे हैं! मैं अपने 2000 के मिस इंडिया पेजेंट की फुटेज देख रही हूं! यह वह जगह है जहां से ये सब शुरू हुआ …यदि आपने पहले कभी नहीं देखा है तो यह ट्रिट आपके लिए है।’
Alright guys, we’re doing this! I’m watching footage from my Miss India pageant in 2000! This is where it all began… If you’ve never seen these before, you are in for quite a treat. #20in2020 @feminamissindia pic.twitter.com/0Qmr1EMy23
— PRIYANKA (@priyankachopra) July 23, 2020
इस वीडियो में प्रियंका चोपड़ा कहती हैं-‘मैं 20 साल की हो गई 2020 में। मतलब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मुझे 20 साल हो चुके हैं। इन सबकी शुरुआत फेमिना मिस इंडिया पेजेंट 2000 में हुई थी।’ प्रियंका इस प्रतियोगिता का वीडियो देखते हुए उस सवाल को भी दोहराती है, जो उनसे इस प्रतियोगिता में पूछा गया था। इस प्रतियोगिता में प्रियंका से पूछा गया था कि यदि वह भगवान होतीं तो आदम, हव्वा और शैतान में से किसे दंड देतीं? इसके जवाब में प्रियंका ने कहा-‘मैं शैतान को दंड देती, क्योंकि मेरा मानना है कि शैतान बनाया नहीं जाता। हव्वा को शैतान पर भरोसा था। आप शैतान के रूप में पैदा नहीं होते हैं!’
वीडियो में नजर आ रहा है कि फेमिना मिस इंडिया की विजेता के लिए प्रियंका चोपड़ा का नाम लिया गया। इस पर प्रियंका ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा-‘वाह, इसे देखें। मैंने कभी भी उम्मीद नहीं की थी कि मैं जीतूंगी। मैंने ट्रेन की टिकट बुक की हुई थी। क्योंकि मुझे वापस जाकर बोर्ड एग्जाम देना था। लेकिन मेरे सिर पर ताज सजा हुआ था। तब से अब तक 20 साल बीत चुके हैं और मैंने अभी तक कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा।’ इस वीडियो के साथ ही प्रियंका चोपड़ा ने अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें भी साझा की है।
सोशल मीडिया पर प्रियंका का यह वीडियो हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इस प्रतियोगिता को जीतने के बाद प्रियंका इसी साल मिस वर्ल्ड भी चुनी गई थी। प्रियंका चोपड़ा आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं और दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में से एक मानी जाती हैं।





