कारगिल में पारा शून्य से नीचे जम्मू-कश्मीर में ठंड बढ़ी

घाटी सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आज प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। प्रोजेक्ट बीकन की ओर से श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमेरी मार्ग से बर्प हटाने का काम जारी है। पिछले एक हफ्ते से जम्मू-कश्मीर में मौसम साफ रहने के बावजूद ठंड बढ़ी है। कारगिल में पारा शून्य से नीचे चला गया है।

यहां आज यानी कि शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान माइनस 2.0 और बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में भी गिरते पारे से राहत नहीं मिल पाई है। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अन्य सभी हिस्सों में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है।
विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 6.2, पहलगाम में माइनस 5.9 और ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सामान्य से 2.6 डिग्री गिरकर माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





