शिवसेना ने स्वार्थ के लिए 30 साल की दोस्ती तोड़ दी रविशंकर प्रसाद

महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शिवसेना पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना को जनादेश मिला था और बीजेपी बड़ी पार्टी बनकर उभरी. रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि शिवसेना ने स्वार्थ के लिए 30 साल की दोस्ती तोड़ दी. चुनाव के नतीजे आने के बाद कुर्सी के लिए मैच फिक्सिंग कैसे हो गई?

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह नया गठबंधन महाराष्ट्र को स्थायी सरकार देगा और राज्य में हमारी सरकार नहीं गिरेगी.
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि क्या यह लोकतंत्र की हत्या नहीं है जब वे कांग्रेस और एनसीपी से हाथ मिलाते हैं, जहां अजीत पवार भी टेबल पर थे? लेकिन बाद में अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी का एक बड़ा हिस्सा देवेंद्र फडणवीस के साथ आ गया? यह नया गठबंधन एक स्थिर सरकार देगा. यह पिछले दरवाजे के माध्यम से देश की वित्तीय राजधानी को पीछे ढकेलने की साजिश थी.
उन्होंने कहा, ‘मैं उन लोगों के बारे में कुछ भी नहीं कहना चाहता, जो बाला साहेब के आदर्शों पर खरे नहीं उतरे? कांग्रेस के प्रति उनका विरोध जगजाहिर था. जो लोग अपनी पूरी विरासत को धराशायी कर रहे हैं, वे हमें अब सिखा रहे हैं. जो लोग सत्ता के लिए समझौता करने को तैयार हैं, उन्हें शिवाजी के बारे में बात नहीं करनी चाहिए.’





