शाह के बाद अब देवभूमि में गरजेंगे PM मोदी और CM योगी, कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

अमित शाह के बाद अब पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड आएंगे। भाजपा के नौ फरवरी को हल्द्वानी में होने वाले त्रिशक्ति सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आएंगे।
सम्मेलन एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में होगा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भाजपा के पदाधिकारियों के साथ शनिवार को एमबीपीजी कालेज मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सम्मेलन में नैनीताल ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी और शक्ति केंद्र प्रभारियों सहित आठ हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचेंगे। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, मुख्य नगर आयुक्त सीएस मर्तोलिया और लोनिवि के अधिशासी अभियंता एचएस रावत आदि ने सभास्थल का निरीक्षण किया।
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अनुसार, फरवरी के दूसरे सप्ताह में पीएम मोदी भी उत्तराखंड में कुमाऊं का दौरा करेंगे। कुमाऊं में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर व अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा क्षेत्र हैं। वर्तमान में दोनों सीटों पर भाजपा के ही सांसद हैं। संभावना है कि 13-14 या 15 फरवरी को प्रधानमंत्री कुमाऊं में आएंगे। रुद्रपुर में विशाल सभा हो सकती है।





