CBI छापे पर अशोक तंवर ने कहा- कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हो रही कार्रवाई का देंगे मुंहतोड़ जवाब

इस बार रणदीप सिंह सुरजेवाला जीतेंगे। इसके बाद होने वाले चुनावों में फिर से वही जीतेंगे और जींद की सत्ता में उनकी भागेदारी होगी। यह बात स्थानीय हैबतपुर रोड पर आयोजित कांग्रेस की रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कही। दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला के जीतने से राहुल गांधी तथा भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हाथ मजबूत होंगे।
वक्ताओं ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निवास स्थान पर मारे गए सीबीआई छापों की निंदा की। तंवर ने कहा कि प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। जींद में आईएमटी, मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। प्रदेश में उद्योग धंधों को बढ़ावा दिया जाएगा। विदेशी निवेश हरियाणा में होगा। उन्होंने कहा कि इनेलो और जेजेपी भाजपा की बी और सी टीम हैं।
तंवर ने हुड्डा का नाम लिए बिना कहा कि हमारे नेताओं पर भाजपा सरकार जो कार्रवाई करवा रही है, उसका हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। यदि ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी तो चुनाव के बाद कांग्रेस का हर कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ सड़कों पर होगा। सांसद दीपेंद्र ने कहा कि हरियाणा को बचाने की शुरुआत जींद से होगी। भाजपा को आडे़ हाथों लेते हुए कह कि भाजपा ने कहा था कि अच्छे दिए आएंगे, लेकिन उसकी तारीख नहीं बताई।
हम राम मंदिर बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताई। राजनीति का स्तर इतना गिर चुका है कि सत्ता के लिए चाचा-भतीजा लड़ रहे हैं। दोनों में होड़ लगी है कि कौन भाजपा की अधिक मदद करता है। उन्होंने कहा कि सरकार भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जो कार्रवाई करवा रही है उससे कांग्रेस कार्यकर्ता टूटने वाले नहीं है, बल्कि और मजबूत होंगे।





