पाक के लिए रवाना हुए नवजोत सिद्धू, पाक विदेश मंत्री कुरैशी ने दिया था न्योता

पंजाब की कांग्रेस सरकार मंत्री नवजोत सिद्धू पाकिस्तान के लिए रवाना हो गए हैं। आज उन्होंने पाकिस्तान जाने के लिए अटारी-वाघा बॉर्डर पार किया। नवजोत सिद्धू को पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने आमंत्रित किया है। मौका पाकिस्तान में करतारपुर कॉरिडोर की आधारशिला रखने का है।

बता दें कि 26 नवंबर को भारत में पंजाब के गुरदासपुर जिले में स्थित डेरा बाबा नानक में करतार कॉरिडोर की नींव रखी गई। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने डिजिटल तरीके से बटन दबाकर कॉरिडोर का नींव पत्थर रखा।

कॉरिडोर का मतलब बिना वीजा कर सकेंगे दर्शन
कैप्टन ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर गुमराह कर रहे हैं कि कॉरिडोर से करतारपुर गुरुद्वारा साहिब तक जाने के लिए वीजा चाहिए। यह सच नहीं है। कॉरिडोर का मतलब होता है लोग बिना वीजा के गुरुद्वारा साहिब में जाकर माथा टेक सकेंगे।

करतारपुर में सिख श्रद्धालुओं के लिए होगा रेलवे स्टेशन का निर्माण

पाकिस्तान सरकार करतारपुर में एक रेलवे स्टेशन और देशभर में सिख धार्मिक स्थलों के निकट श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की व्यवस्था करने के लिए जमीन उपलब्ध कराएगी। मीडिया की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। डॉन न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद ने कहा है कि सरकार करतारपुर, ननकाना साहिब तथा नरोवाल में होटलों के निर्माण के लिए सिख संगठनों को जमीन मुहैया कराएगी।

सरकार करतारपुर में रेलवे स्टेशन के निर्माण के लिए भी जमीन भी उपलब्ध कराएगी। रेल मंत्री ने गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय सिखों के शामिल होने के बाद लाहौर से विशेष ट्रेनों से रवाना होने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही। उनका यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब भारत और पाकिस्तान ने पंजाब के गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक और पाकिस्तान के करतारपुर में दरबार साहिब को जोड़ने के लिए गलियारा बनाने की बात कही है।

अहमद ने कहा कि पाकिस्तान रेलवे ने करतारपुर और ननकाना साहिब में 10-10 एकड़ जमीन तथा नरोवाल में सिख संगठनों को पांच सितारा होटल बनाने के लिये पांच एकड़ जमीन की पेशकश की है। ननकाना साहिब से करतारपुर तक के लिए ट्रेनें चलेंगी और सभी धार्मिक स्थलों के निकट होटलों का निर्माण होगा।

सुषमा स्वराज और अमरिंदर सिंह ने ठुकरा दिया था न्योता

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने 28 नवंबर को करतारपुर साहिब कॉरिडोर के आधारशिला समारोह के लिए भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी न्योता दिया था। पाकिस्तान के विदेश मंत्री एस एम कुरैशी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी थी। लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पाकिस्तान के निमंत्रण को ठुकरा दिया था। उन्होंने इसके पीछे पंजाब में हो रही आतंकवादी हमलों और पाकिस्तानी सशस्त्र बलों द्वारा भारतीय सैनिकों को निशाना बनाए जाने का हवाला दिया। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी पाकिस्तान जाने से इंकार कर दिया था।

पर नवजोत सिद्धू मान गए थे
वहीं पाकिस्तान के न्योते पर पंजाब सरकार में मंत्री नवोजत कौर सिद्धू ने तत्परता दिखाई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के निमंत्रण का जवाब देते हुए नवजोत सिंह सिद्धू कहा कि, मैं इस ऐतिहासिक अवसर पर आपसे मिलने के लिए तत्पर हूं। पाक पहंचने के लिए मेरा आवेदन अब विदेश मंत्रालय में अनुमति के लिए पहुंच गया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि यह दोनों सरकारों द्वारा (भारत और पाकिस्तान)  सराहनीय कदम है। मैं कहता था कि आप (भारत) एक कदम उठाएंगे और वे (पाकिस्तान) दो लेने के लिए तैयार हैं। अब आपने एक कदम उठाया और उन्होंने अगले दिन घोषणा की कि इसका उद्घाटन करेंगे।

मंजूरी मिलने के बाद ही जाने की बात कही थी
दूसरी ओर, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का न्योता मिलने के बाद नवजोत सिद्धू ने बयान दिया था कि वे इस बार भारत सरकार की मंजूरी लेने के बाद ही पाकिस्तान जाएंगे। क्योंकि  नवजोत सिंह सिद्धू पाक प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान गए थे। इस दौरान वो पाक सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा से गले मिले थे, जिसको लेकर विवाद हो गया था। भाजपा ने इस मामले में कड़ा विरोध दर्ज कराया था। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी उनके इस तरह गले मिलने पर एतराज जताया था। माना जा रहा है कि पाकिस्तान के अपने दौरे में उपजे विवाद को ध्यान में रखते हुए नवजोत सिद्धू इस बार मंजूरी चाहते थे।

Back to top button