खेल को खेल की भावना से खेला जाना चाहिए- डीएम

सुलतानपुर, 03 नवम्बर (UjjawalPrabhat.Com)। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से सम्बद्ध सेवा समर्पण संस्थान की 32वीं प्रान्तीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ डीएम विवेक कुमार द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में सभी ने टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शको का मन मोह लिया।
सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विवेकानन्दनगर परिसर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 10 जिलों से 175 वनवासी जनजाति प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ जिलाधिकारी विवेक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन, ध्वजारोहण तथा तीरंदाजी करके किया। डीएम ने अपने सम्बोधन में कहा कि खेल को खेल की भावना से खेला जाना चाहिए। इससे अनुशासन तो बनता ही है, साथ ही स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आर. ए. वर्मा ने डीएम को बैच लगाकर व प्रतीक चिन्ह् भेंटकर उनका स्वागत किया। समारोह में विश्ष्टि अतिथि के रूप में डॉ. मंजुला त्रिपाठी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जे.पी. सिंह ने किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रान्त सहसंगठन के रूप में मंत्री आनन्द रहे। समारोह में कबड्डी, दौड़, तिरंदाजी, मैराथन दौड़ आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राजेश कुमार द्विवेदी ने किया। सम्पन्न प्रतियोगिताओं में कबड्डी में गोरखपुर, सोनभद्र व वाराणसी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मैंच जीते। गोरखपुर ने आजमगढ़ को 19 के मुकाबले 39 अंकों से हराया। इसी तरह सोनभद्र ने महराजगंज को 4 के मुकाबले 41 अंकों व वाराणसी ने प्रयागराज को 22 के मुकाबले 33 अंकों से पराजित किये। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक नरोत्तम कानोडिया, मंजूलता श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव, एच.डी. राम, प्रधानाचार्य शेषमणि मिश्र, निर्णायकों में विवेकानन्द यादव, अनिल सिंह, ऋशि पाण्डेय, ऋषभ शुक्ल, अंकित, हर्षवर्धन यादव, सत्य प्रकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
बृजेश तिवारी





