राजस्थान में फैला जीका वायरस, 22 मरीज मिले, प्रधानमंत्री कार्यालय ने मांगी रिपोर्ट

मामला सामने आने के बाद बिहार सरकार ने अपने सभी 38 जिलों को दिशा-निर्देश जारी करके संक्रमित लोगों पर नजर रखने के आदेश दिए हैं। राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार पर हमला किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जयपुर से पीएमओ ने जीका वायरस पर एक व्यापक रिपोर्ट मांगी है। पहला मामला सामने आने के बाद नियंत्रण उपायों के तहत राजस्थान सरकार की मदद के लिए सात सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम जयपुर में मौजूद है।
अधिकारी के अनुसार हालातों की नियमित निगरानी के लिए राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) में एक नियंत्रण कक्ष तैयार किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के स्तर पर भी हालातों की समीक्षा की जा रही है। जिसका रोजाना स्वास्थ्य सचिव निरीक्षण करेंगे। मंत्रालय ने एक बयान में सोमवार को कहा कि अबतक केवल 22 मामलों की पुष्टि हुई है। अधिकारी ने कहा सभी संदिग्ध मामलों में जयपुर के निर्धारित इलाकों के और इस इलाके के मच्छरों के नमूनों की जांच की जा रही है।
मंत्रालय ने कहा, ‘विषाणु शोध एवं रोग पहचान प्रयोगशालाओं को अतिरिक्त जांच किट मुहैया करवाई गई हैं। राज्य सरकार को जीका वायरस और इसकी निवारण रणनीतियों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए सूचना और जानकारी वाली सामग्री मुहैया करवाई गई है।’ जीका वायरस एडिस मच्छर द्वारा फैलाई जाने वाली बीमारी है। इलाके की सभी गर्भवती महिलाओं की निगरानी की जा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की जीका पर वर्गीकरण योजना में भारत को दूसरी श्रेणी में रखा गया है। दुनियाभर के 86 देशों में इस समय जीका के मामले सामने आए हैं। भारत में फरवरी 2017 को जीका वायरस मामले की पुष्टि हुई थी।





