बेटियों के महत्व को समझें, केन्द्र सरकार दे रही हर संभव मदद: राष्ट्रपति

कानपुर ब्यूरो । देश में बेटियां सभी क्षेत्रों में तेजी से तरक्की कर रही है, लेकिन आज भी बेटियों को अभिशाप मानने वालों की संख्या कम नहीं है। जबकि केन्द्र सरकार बेटियों के लिए हर संभव मदद कर रही है और ऐसे में हम सभी को बेटियों के महत्व को समझना चाहिये। जिससे समाज के साथ देश का विकास दु्रतगामी गति से बढ़ सके। यह बातें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कानपुर में फॉगसी के कार्यक्रम में कहीं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को चौथी बार अपने शहर कानपुर आये और सबसे पहले गणेश शंकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां पर उन्होंने फेडरेशन ऑफ ऑब्स एंड गायनी सोसाइटी ऑफ इंडिया (फॉगसी) की अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि महिला तथा बच्चियों के बेहतर स्वास्थ्य तथा शिक्षा के प्रोत्साहन के लिए केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार बेहतर कार्य कर रही है। कहा, अप्रैल 2017 से मैटरनिटी बेनीफिट एक्ट के तहत प्रसव, जन्म और उसके बाद मिलने वाली छुट्टियों की अवधि 90 दिनों से बढ़ाकर 182 दिन कर दी गई है।
केंद्र सरकार सरकार के ’सुरक्षित मातृत्व अभियान’ कार्यक्रम का उद्देश्य निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को गर्भवती महिलाओं तक पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान के तहत किए गए प्रसूति-पूर्व जांच की संख्या ढेढ़ करोड़ से भी अधिक है। इस अभियान से महिलाओं में भी काफी जागरूकता आई है।
आगे कहा कि हमारे देश में कुछ लोग आज भी बेटियों के महत्व को नहीं समझ पा रहे हैं, जो दुर्भाग्य की बात है। हालांकि अब लोगों की भावनाएं बदली हैं पर ऐसे लोगों की संख्या कम ही है। मुझे खुशी है केंद्र सरकार की ’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ’सुकन्या समृद्धि’ तथा ’किशोरी योजना’ जैसे कार्यक्रमों से देशवासियों की सोच में बदलाव आ रहा है। कहा, आज हर क्षेत्र में बच्चियां नाम रोशन कर रही हैं और सभी लोगों को अपनी सोच में बदलाव लाना चाहिये।
राष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य कल्याण के लिए बदलती हुई आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर 2017 में एक नई स्वास्थ्य नीति लागू की गई। जिसमें स्वास्थ्य सेवा को प्रभावित करने वाले सामाजिक और आर्थिक कारणों पर विशेष ध्यान दिया गया है। समारोह में जीवीएस मेडिकल कॉलेज के पूर्व छात्र व केन्द्रीय विज्ञान प्रौद्योगिकी मंत्री हर्ष वर्धन ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
राज्यपाल और कैबिनेट मंत्री ने किया स्वागत
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आने से पहले ही प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक और कैबिनेट मंत्री सतीश महाना चकेरी एयरपोर्ट पहुंच गये। यहां पर राज्यपाल और कैबिनेट मंत्री ने फूल देकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस दौरान महापौर प्रमिला पाण्डेय, जिला महामंत्री सुनील बजाज और अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चन्द्र, जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत आदि अधिकारी मौजूद रहें।





