भज्जी ने वेस्टइंडीज टीम पर किया तीखा प्रहार, बोले- ये तो रणजी ट्रॉफी में भी नहीं पहुंच पाएंगे
टीम इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच राजकोट में 2 टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को फॉलोऑन खेलने में मजबूर कर दिया। कहना गलत नहीं होगा कि पहला टेस्ट बडे़ अंतर से ‘कोहली की टोली’ अपने नाम करने जा रही है।
इस मैच में वेस्टइंडीज ने बेहद लचर खेल दिखाया। न तो उनकी गेंदबाजी में वो धार नजर आई और न ही बल्लेबाजी में दम। ऐसे में बहुत हद तक यह मुकाबला एकतरफा हो गया। अब हरभजन सिंह ने वेस्टइंडीज के इस खराब प्रदर्शन पर ताना मारा है।
टेस्ट मैच को लेकर हरभजन ने कहा, ‘वेस्ट इंडीज क्रिकेट को पूरे सम्मान के साथ, मैं आप सभी से एक सवाल पूछना चाहता हूं .. क्या इस तरह के प्रदर्शन से टीम प्लेट ग्रुप से रणजी क्वॉर्टर के लिए क्वॉलिफाइ कर पाएगी? एलीट से तो नहीं होगा।’
हालांकि भारत के लिए 103 टेस्ट मैचों में 417 विकेट ले चुके भज्जी के इस ट्वीट से कई फैंस बेहद निराश नजर आए। उन्होंने हरभजन को आइना दिखाते हुए यहां तक लिख दिया कि, 1 महीना पहले भारतीय टीम का भी यही हाल था इंग्लैंड में। ऐसे में दूसरी टीम का मजाक बनाना गलत है।
याद हो कि इंग्लैंड की मेजबानी में टेस्ट सीरीज को भारत 1-4 के अंतर से हार गया था। विराट कोहली ने फिर एशिया कप में कप्तानी नहीं संभाली। रोहित शर्मा की कप्तानी में हाल में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को हराकर 7वीं बार एशिया कप जीता।





