पिछड़ों के बाद अब भाजपा करायेगी दलितों का सम्मेलन

लखनऊ ब्यूरो । लोकसभा चुनाव को देखते हुये भारतीय जनता पार्टी पिछड़ों के बाद अब दलितों को रिझाने के लिये उनका सम्मेलन आयोजित करने जा रही है।पिछड़े वर्ग का जातिवार सम्मेलन लखनऊ में आयोजित किया गया था, लेकिन दलितों का सम्मेलन जिलेवार में होगा। 27 अगस्त से पिछड़ी जातियों का शुरू हुआ सम्मेलन करीब एक महीने तक चला,जबकि दलितों का सम्मेलन भी अलग-अलग जिलों में एक महीने तक चलेगा। इन सम्मेलनों में पार्टी का कोई न कोई एक बड़ा नेता शामिल होगा।
उत्तर प्रदेश में दलितों की आबादी करीब 21 फीसदी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दलितों को रिझाने की कवायद इस वर्ग के आदर्श माने जाने वाले डा. भीमराव अम्बेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ घोषित कर और दो साल पहले संत रविदास की जयन्ती पर उनके वाराणसी स्थित जन्मस्थली जाकर शुरु कर दी थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डा. अम्बेडकर को भारत का महान नेता बताते हुये उनकी कई बार प्रशंसा की।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनको कई बार भारत का महान सपूत भी बताया। दो साल पहले वह संत रविदास की जयन्ती पर उनके जन्मस्थली गये थे। वहां उन्होंने करीब एक घन्टे बिताये थे। विजिटर रजिस्टर पर उन्होंने लिखा था संत रविदास ने समाज को एकसूत्र में बांधने में अतुलनीय भूमिका निभायी। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की कोशिश की।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गये। दोनों ने संत रविदास की जन्मस्थली को दर्शनीय बनाने के लिये कई योजनाओं की घोषणा की थी। दोनों नेताओं ने हालांकि कहा था कि वे संत रविदास को समाज के लिये किये गये कामों को याद करते हुये उन्हें नमन करने आये हैं लेकिन राजनीतकि विश्लेषकों ने इसे दलितों को लुभाने की कोशिश माना था। विश्लेषकों ने दलित उत्पीड़न अधिनियम में किये गये बदलाव के पीछे भी यही कारण माना था।
भाजपा लोकसभा चुनाव में 51 फीसदी वोट हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। 2014 के चुनाव में भाजपा गठबन्धन को बयालिस दशमलव तीस फीसदी वोट मिले थे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक का दावा है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को सभी वर्गो का वोट मिला था, इस बार भी मत प्रतिशत बढ़ाने के लिये अगड़ों के साथ ही दलितों और पिछड़ों के ज्यादा से ज्यादा वोट हासिल करना पार्टी का लक्ष्य है।माना जा रहा है कि इसीलिये भाजपा अब पिछड़ों के बाद सम्मेलनों के जरिये दलितों पर डोरे डालने का प्रयास कर रही है ताकि 51 फीसदी का निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जा सके।

Back to top button