सचिन पायलट बोले-राजस्थान को बनायेंगे बीजेपी शासन मुक्त!

जयपुर. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश बीजेपी शासनमुक्त हो जायेगा. पायलट ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को मिली सफलता इसका प्रमाण है कि राज्य में बीजेपी से जनता का मोह भंग हो गया है और अब उसकी उलटी गिनती शुरू हो गयी है.
उन्होंने कहा कि बाड़मेर में हुये चुनाव परिणामों की घोषणा अभी नहीं हुयी है लेकिन प्रांरभिक सूचना के अनुसार वहां भी कांग्रेस बहुमत हासिल कर चुकी है. कांग्रेस के सभी नेताओं ने वर्ष 2018 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में राजस्थान को बीजेपी शासन से मुक्त कराने का सकंल्प लिया है और इसमें पार्टी पूरी तरह से सफल होगी.
अगर आप आठवीं पास हैं तो मोदी सरकार आपको देगी 10 लाख…!
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हुयी निकायों के चुनाव परिणाम के आधार पर राज्य की बीजेपी सरकार शासन करने का अपना नैतिक अधिकार खो चुकी है.महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, किसान आत्महत्या आदि ऐसे कई मुद्दे है जिसमें सरकार लोगों को राहत देने में नाकाम रही है. बीजेपी के कांग्रेस मुक्त की तर्ज पर राजस्थान को बीजेपी मुक्त करने के संबंध में अपने बयान पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रदेश से बीजेपी नहीं बल्कि बीजेपी के शासन को मुक्त करने की बात कही है.
उन्होने कहा कि कांग्रेस सदैव मजबूत विपक्ष चाहती है और प्रजातंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की अपनी भूमिका है. कांग्रेस का देश में मजबूत जनाधार है और बीजेपी कभी भी इसे समाप्त करने में सफल नहीं होगी.





