30 प्रतिशत से कम रिजल्ट वाले 75 स्कूलों के प्राचार्यों का रोका इंक्रीमेंट

इंदौर.गुरुवार को स्कूल शिक्षा विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें पिछले सत्र में जिन स्कूलों का रिजल्ट 30 फीसदी से कम रहा उनके प्राचार्यों की वेतनवृद्धि रोकी गई है। साथ ही इन स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या और उपस्थिति कम है उनकी जानकारी भी मांगी गई है।
 30 प्रतिशत से कम रिजल्ट वाले 75 स्कूलों के प्राचार्यों का रोका इंक्रीमेंट
बैठक में विभाग की प्रमुख सचिव दीप्ति मुखर्जी ने अधिकारियोंं से कहा कि बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिले। रिजल्ट अच्छा रहे, इसके लिए स्कूल, संकुल व जिला स्तर पर किए गए नवाचार को लेकर विशेष अभियान चलाया जाए। जिन स्कूलों में शिक्षकों की कमी है युक्तियुक्तकरण से अतिशेष शिक्षकों को भेजा जा रहा है। संभागायुक्त संजय दुबे ने शिक्षा अधिकारी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की। संभाग में 30 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम देने वाले स्कूलों की सूची मांगी। आदिवासी संकुल के 75 प्राचार्यो की वेतन वृद्धि रोकी गई।

परिसर के आसपास से हटाएं अतिक्रमण

आयुक्त लोक शिक्षण नीरज दुबे ने कहा कि स्कूल व परिसर, खेल मैदान और खाली जगहों पर से अतिक्रमण हटाने के लिए कलेक्टर, एसडीएम को प्रस्ताव भेजे हैं। जिन जगहों पर अतिक्रमण हो गए हैं उन्हें जल्द से जल्द हटवाएं जाएंगे। बैठक में संभाग के जिला शिक्षा अधिकारी मॉडल स्कूलों के प्राचार्य व अन्य स्कूलों के प्राचार्य भी बैठक में उपस्थित रहें।

ये भी देखें:- अभी-अभी: लग गई मुहर! लाल कृष्ण आडवाणी को दिया गया ये सबसे बड़ा पद

अभिभावकों से हर हफ्ते बात करें शिक्षक : शिक्षा मंत्री

स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने कहा सभी सरकारी स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से बात करें। उनकी जो भी समस्याएं हैं उनका निराकरण करें। शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर में संभाग के प्राचार्यों और होस्टल अधीक्षकों की बैठक में उन्होंने कहा लापरवाही करने वाले शिक्षक, प्राचार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नए शिक्षा सत्र से निजी स्कूलों में लागू होगी फीस की गाइडलाइन

अगले शिक्षा सत्र से प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में फीस को लेकर नई गाइडलाइन लागू कर दी जाएगी। दिसंबर तक गाइडलाइन का ड्राफ्ट तैयार कर लेंगे। इसके बाद इसे लागू करेंगे। ये बात शिक्षा मंत्री शाह ने कही। दरअसल, निजी स्कूलों में मनमानी फीस को लेकर लगातार मांग उठ रही थी। इंदौर पालक संघ ने भी इस मामले में लगातार हस्ताक्षर अभियान चलाया था। नई गाइड लाइन लागू होने के बाद निजी स्कूलों में मनमानी फीस पर रोक लगेगी।

 

Back to top button