इलाहाबाद HC ने दिया आदेश, Govt स्कूलों में 1 महीने में शुद्ध पानी का इंतजाम करें, नहीं तो DM का RO करो शिफ्ट
इलाहाबाद. हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को राजकीय बालिका विद्यालयों में एक महीने के भीतर शुद्ध पेयजल के लिए आरओ लगाने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि शुद्ध पानी पीने का अधिकार अनुच्छेद 21 के अंतर्गत जीवन के अधिकार में शामिल है। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि यदि एक महीने के भीतर राजकीय बालिका विद्यालयों में आरओ नहीं लग जाते तो इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय में लगे आरओ कॉलेजों मे शिफ्ट कर दिए जाए। कोर्ट ने 24 अक्टूबर को अनुपालन रिपोर्ट मांगी है।

यह आदेश न्यायमूर्ति अरूण टंडन और न्यायमूर्ति ऋतुराज अवस्थी की खंडपीठ ने विनोद कुमार की जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए दिया है। कोर्ट ने राजकीय बालिका कालेजों में शुद्ध पेयजल के अलावा विद्युत कनेक्शन और शौचालय की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारियों ने हलफनामा दाखिल कर बताया कि बजट न होने के कारण कालेजों में आरओ नहीं लग पा रहे हैं। बजट मिलते ही कार्यवाही की जायेगी। कोर्ट ने कहा कि सचिव ने हलफनामा देकर कोर्ट को बजट आने पर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। कोर्ट ने कहा कि कालेजों में जो आरओ लगाये जाए उनकी गुणवत्ता जिलाधिकारी कार्यालय में लगे आरओ के समान हो। कोर्ट ने अपर सचिव माध्यमिक शिक्षा और संबंधित जिलाधिकारियों से अनुपालन रिपोर्ट के साथ 24 अक्टूबर को हलफनामा मांगा है।
ये भी देखें:- अभी-अभी: लग गई मुहर! लाल कृष्ण आडवाणी को दिया गया ये सबसे बड़ा पद
2. 22 सितंबर को शपथ लेंगे नवनियुक्त 19 न्यायमूर्ति
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के नवनियुक्त 19 अपर न्यायमूर्तियों का शपथ ग्रहण समारोह 22 सितम्बर दोपहर 2.30 बजे मुख्य न्यायाधीश के न्याय कक्ष में होगा। रजिस्ट्रार प्रोटोकाॅल आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को शपथ लेने वाले 19 नए अपर न्यायमूर्तियों में जस्टिस राजीव जोशी, जस्टिस राहुल चतुर्वेदी, जस्टिस सलिल कुमार राय, जस्टिस जयंत बनर्जी, जस्टिस राजेश सिंह चैहान, जस्टिस इरशाद अली, जस्टिस सरल श्रीवास्तव, जस्टिस जहांगीर जमशेद मुनीर, जस्टिस राजीव गुप्ता, जस्टिस सिद्धार्थ, जस्टिस अजीत कुमार, जस्टिस रजनीश कुमार, जस्टिस अब्दुल मोईन, जस्टिस दिनेश कुमार सिंह, जस्टिस राजीव मिश्रा, जस्टिस विवेक कुमार सिंह, जस्टिस चन्द्रधारी सिंह, जस्टिस अजय भनोट एवं जस्टिस नीरज तिवारी शामिल हैं। शपथ ग्रहण हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दिलीप बाबा साहब भोसले दिलाएंगे। इस मौके पर तमाम न्यायमूर्ति और अधिवक्तागण शामिल रहेंगे। 160 न्यायमूर्तियों वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायमूर्तियों की संख्या 90 से बढ़कर कुल 109 हो गयी। हाईकोर्ट में वर्तमान समय में 51 जजों के पद अभी भी रिक्त हैं।





