डोकलाम पर भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत अपनी सेना हटाने को राजी हुआ चीन

पिछले दो महीने से चल रहा था डोकलाम पर विवाद, हो गए थे युद्ध जैसे आसार
भूटान मानता है डोकलाम इलाके को अपना, लेकिन चीन कर रहा है अपना दावा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। सिक्किम क्षेत्र में डोकलाम के मुद्दे पर चीन के साथ 2 महीने से भी लंबे समय तक जारी गतिरोध अब समाप्त होने जा रहा है। डोकलाम से भारत और चीन दोनों देश अपनी सेना हटाने को तैयार हो गए हैं। कूटनीतिक और रणनीतिक तौर पर इसे भारत की जीत माना जा रहा है। सोमवार को विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों देशों ने इस मुद्दे पर लगातार बात की है, जिसके बाद इस पर फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद भी पिछले कई दिनों से दोनों देशों के बीच इस मुद्दे को सुलझाने पर बात चल रही थी। दोनों देश की सेना अब धीरे-धीरे अपनी सेना हटाएगी।
पिछले दो महीने से चल रहे डोकलाम विवाद को भूलते हुए भारत और चीन की सेना ने डोकलाम से पीछे हटने का फैसला लिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। अभी तक जारी बयान से ये साफ नहीं है कि कौन-से देश की सेना पहले विवादित जगह से हटेगी। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ दिनों में ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के लिए चीन का दौरा करने वाले हैं। मोदी के दौरे से पहले ही दोनों देशों की कवायद विवाद को सुलझाने की थी, जिसका असर दिखाई दे रहा है।
क्या है डोकलाम विवाद
गौरतलब है कि सिक्किम सीमा सेक्टर के पास डोकलाम में भारत और चीन की सेना दो महीने से भी ज्यादा समय से आमने-सामने है। यह गतिरोध तब शुरू हुआ जब इस इलाके में चीनी सेना द्वारा किए जाने वाले सडक़ निर्माण कार्य को भारतीय सैनिकों ने रोक दिया। भारत की चिंता यह है कि अगर चीन डोकलाम में सडक़ बनाने में कामयाब रहता है तो उसके लिए कभी भी उत्तर-पूर्व के हिस्से तक शेष भारत की पहुंच को रोक देना आसान हो जाएगा। दरअसल डोकलाम इलाके को भूटान अपना मानता है, लेकिन चीन का दावा है कि यह उसके क्षेत्र में आता है।
आपकी छत क्या ठीक करायेंगे मंत्री जी जब अपनी ही छत नहीं करा पा रहे ठीक
मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की शिकायत के बावजूद नहीं हुई छत की मरम्मत, ट्वीट किया वीडियो
इसके पहले मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या के सरकारी आवास में घुसा था पानी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बारिश से शहरवासी ही नहीं बल्कि मंत्री भी परेशान है। शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है तो वहीं इस बारिश से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी परेशान दिखे। दरअसल कैबिनेट मंत्री के सरकारी बंगले की छत टपक रही है। उन्होंने अपने सरकारी बंगले के वीडियो के साथ एक ट्वीट कर अपनी परेशानी बतायी है कि बंगले की छत से पानी लगातार टपक रहा है। जब मंत्री जी अपनी छत नहीं ठीक करा पा रहे हैं तो हमारी क्या करायेंगे।
यूपी में एक तरफ जहां भारी बारिश से कई इलाकों में बाढ़ के हालात हैं, वहीं कैबिनेट मंत्री भी बारिश से बेहद परेशान हैं। राजधानी में रविवार से शुरु हुई बारिश आज भी जारी है। बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बारिश की वजह से स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी खासे परेशान दिखे। उन्होंने आज ट्विटर पर एक वीडियो के साथ ट्वीट किया और लिखा कि मंत्रियों के बंगलों की दयनीय स्थिति और हम अभी भी सरकारी एजेंसियों पर निर्भर हैं। ये समय है उनसे आगे देखने का और प्रतिस्पर्धा व गुणवत्ता लाने का। इसके पहले कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के सरकारी आवास में भी पानी घुस गया था। आज ट्वीट वीडियो में साफ दिख रहा है कि बारिश के कारण बंगले की छत से पानी लगातार टपक रहा है।
अमर उजाला के पत्रकार को दिन दहाड़े मार दी गई गोली, ट्रामा में भर्ती
राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के उपाध्यक्ष संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
घायल पत्रकार का सरकारी खर्च पर इलाज कराने व पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद है। अपराधी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को निशाना बनाने से भी नहीं हिचक रहे हैं। इसकी मिसाल अमेठी में देखने को मिली, जब जगदीशपुर स्थित अपने घर के बाहर बैठे अमर उजाला के पत्रकार दिलीप कौशल को बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गये। वहीं पत्रकार पर हमले की घटना से पूरा मीडिया जगत स्तब्ध है। इस मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के उपाध्यक्ष संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर घायल पत्रकार का इलाज सरकारी खर्च पर करवाने और प्रदेश में अविलंब एक नीति बनाकर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने आज ट्रामा सेंटर पहुंचकर पत्रकार का हाल जाना और हर संभव सहयोग व सुरक्षा देने का आश्वासन दिया।
उपाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश में पत्रकारों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। अमेठी में घर के बाहर बैठे पत्रकार को बेखौफ बदमाशों द्वारा गोली मारा जाना सीधे-सीधे मीडिया जगत पर हमला है। उन्होंने हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने और उन पर रासुका लगाने की मांग की है। अमेठी के पत्रकार पर हुए हमले की जानकारी मिलते ही प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने अमेठी के डीएम से बातकर पत्रकार को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने के निर्देश दिए, वहीं प्रमुख सचिव गृह अरविंद सिंह ने एसपी अमेठी को तत्काल हमलावरों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के पदाधिकारियों और अन्य सभी पत्रकार संगठनों ने भी दिलीप कौशल पर हमले की निंदा की है। गौरतलब है कि दिलीप कौशल जगदीशपुर कस्बे में अपने घर के सामने बैठे थे। इसी बीच बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाश हाथों ने उन पर फायर झोंक दिया। फायरिंग में पत्रकार के हाथ में गोली लगी है। उन्हें घायल अवस्था में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।





