जानें क्यों ठहरे है बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियां इस शहर में

यूपी के कानपुर शहर में इन दिनों बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियां ठहरी हुई हैं। ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘जवानी दिवानी’, ‘एक्शन जैक्सन’, ‘बीए पास’, ‘डर्टी पिक्चर’ जैसी फिल्मों के बड़े कलाकार यहां 14 अगस्त तक फिल्म की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म का नाम है ‘होटल मिलन’। फिल्म के डायरेक्टर विशाल मिश्रा कानपुर के ही रहने वाले हैं। बीस दिनों से लगातार हो रही शूटिंग से फिल्म का लगभग आधा पार्ट कानपुर में शूट हो चुका है। अभी एक सप्ताह तक और शूटिंग चलेगी।

फिल्म में कुनाल राय कपूर लीड एक्टर हैं। इस फिल्म का एक कोर्ट सीन एबी विद्यालय, मॉलरोड में शूट किया गया है। फिल्म में कुनाल राय कपूर (नौटंकी साला, डेली बेली, जवानी दिवानी, एक्शन जैक्सन), जयदीप अहलावत (गैंग्स ऑफ वासेपुर, कमांडो, विश्वरूपम, गब्बर, रईस), जीशान कादरी (गैंग्स ऑफ वासेपुर, रिवॉल्वर रानी, मेरठिया गैंगस्टर), राजेश शर्मा (तनु वेड्स मनु-2, बीए पास, डर्टी पिक्चर, बजरंगी भाईजान) व अन्य लोकल एक्टर भी काम कर रहे हैं।
यह एक कॉमेडी फिल्म है जिसमें दिखाया गया है कि कपल को किस तरह एंटी रोमियो स्क्वायड व समाज परेशान करता है और किस तरह एक सुकून की जगह पाने के लिए वह परेशान रहता है। डायरेक्टर विशाल मिश्रा ने बताया कि छोटे शहरों के प्रेमी जोड़ों (लव बडर्स्) की सबसे बड़ी समस्या है कि बेफिक्र होकर वह आखिर कहां मिलें, कहां सुकून से बातें कर सकें।
समाज का डर जीने नहीं देता। इसी स्टोरीलाइन पर ‘होटल मिलन- मिलते हैं दिल यहां मिलकर बिछड़ने को’ नाम की इस कॉमेडी फिल्म का प्रोडक्शन किया जा रहा है। गुप्तार घाट पर भी इसकी शूटिंग शुरू हुई है।
फिल्म में ‘प्यार के पंचनामा 2’ में काम कर चुकीं करिश्मा शर्मा बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू करने जा रही हैं। विशाल की यह तीसरी फिल्म है। इससे पहले वह चर्चित फिल्म ‘कॉफी विद डी’ कर चुके हैं। उनकी दूसरी फिल्म ‘हम होंगे कामयाब’ अक्तूबर में रिलीज होगी।
विशाल ने बताया कि होटल मिलन फिल्म को उन्नाव, कानपुर के गुप्तार घाट, माल रोड, स्वरूप नगर, मोतीझील, बिरहाना रोड जैसी कई प्रमुख जगहों पर शूट किया जाएगा। कुल 35 दिन का फिल्म शेड्यूल रखा गया था एक हफ्ते का काम और बचा है।
एंटी रोमियो स्क्वायड की भी झलकियां
फिल्म में यह भी दिखाया जाएगा कि किस तरह एंटी रोमियो स्क्वायड जोड़ों को परेशान करता है। जोड़ों की इस परेशानी को एक्टर कुनाल और फिल्म में उनके दोस्त का किरदार निभा रहे जीशान कादरी किस तरह इसको व्यवसाय में बदल देते हैं यह दिखाया गया है। फिल्म में गैंग्स आफ वासेपुर में काम कर चुके जयदीप अलवर विलेन का किरदार निभा रहे हैं। इसमें शहर के आर्टिस्ट आशुतोष अग्निहोत्री, अरविंद यादव, दीप तिवारी, अजय मिश्रा व सत्यम शुक्ला भी काम कर रहे हैं।





