9 से 5 की जॉब छीन रही है आपके चेहरे का निखार, क्या है ‘ऑफिस-एयर ग्लो डाउन’ के पीछे की सच्चाई?

आजकल सोशल मीडिया पर एक नया शब्द ऑफिस-एयर ग्लो डाउन काफी चर्चा में है। लोग सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर रहे हैं, जिसमें वो सुबह बड़े उत्साह के साथ तैयार होकर, बेहतरीन डोपामाइन ड्रेसिंग करके ऑफिस जाते हैं, लेकिन शाम होते-होते चेहरे का सारा ग्लो खत्म हो जाता है।

लोगों का कहना है कि ऐसा ऑफिस की हवा की वजह से होता है, जिसे ऑफिस एयर थ्योरी कहा जा रहा है। लेकिन क्या सचमुच आपके ऑफिस की हवा आपका निखार छीन रही है? आइए इस बारे में डॉ. चांदनी जैन गुप्ता (डर्मेटोलॉजिस्ट एंड एस्थेटिक फिजिशियन, एटलांटिस हेल्थ केयर, नई दिल्ली) से जानें।

क्या है ऑफिस-एयर ग्लो डाउन?
आसान शब्दों में कहें तो, यह वह स्थिति है जिसमें दिनभर ऑफिस के बंद वातावरण में रहने के बाद शाम तक आपकी त्वचा की चमक पूरी तरह खत्म हो जाती है। इंटरनेट यूजर्स का मानना है कि ऑफिस की रिसाइकल्ड हवा और आर्टिफिशियल लाइटिंग चेहरे को थका हुआ और उम्रदराज दिखाती है। इसलिए शाम होते-होते आपका चेहरा थका हुआ और बेजान दिखने लगता है।

क्या वाकई हवा जिम्मेदार है?
ऑफिस में ग्लो कम होने की मुख्य वजह खराब वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग हो सकती है।

कम नमी- एयर कंडीशनिंग सिस्टम वाले ऑफिसों में हवा में मॉइश्चर का स्तर बहुत कम हो जाता है। जब आप कम नमी वाली हवा में घंटों बैठते हैं, तो त्वचा से नमी तेजी से बाहर निकलने लगती है। इसके कारण त्वचा खिंची-खिंची, बेजान और डिहाइड्रेटेड महसूस होने लगती है।
स्किन बैरियर का कमजोर होना- शुष्क हवा त्वचा की नेचुरल स्किन बैरियर को कमजोर कर देती है। इससे त्वचा ज्यादा सेंसिटिव हो जाती है और एक्जिमा या जलन जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं।
ऑयली स्कैल्प और बाल- जब हवा बहुत ड्राई होती है, तो हमारा स्कैल्प इसकी भरपाई करने के लिए ज्यादा सीबम प्रोड्यूस करने लगता है। यही कारण है कि शाम तक बाल चिपचिपे और ऑयली दिखने लगते हैं।
डिहाइड्रेशन शॉक- ऑफिस जाते समय रास्ते की गर्मी, पसीना और धूल, और फिर अचानक ऑफिस के ठंडे वातावरण में पहुंचना त्वचा के लिए एक बड़ा झटका होता है। यह अचानक हुआ बदलाव स्किन को डिहाइड्रेट कर देता है।

क्या यह सिर्फ ऑफिस की समस्या है?
नहीं, यह समस्या किसी भी ऐसे बंद वातावरण की हो सकती है जहां नमी कम हो। फिर चाहे वह आपका घर हो या कोई मॉल। इसके अलावा, आपकी लाइफस्टाइल भी एक बड़ी भूमिका निभाती है। कम पानी पीना, स्क्रीन के सामने घंटों बैठना और ज्यादा कैफीन भी आपके चेहरे का निखार कम कर सकते हैं।

Back to top button