8 और 9 जुलाई की रात विक्रमशिला सेतु रहेगा बंद, यात्रा से पहले जान लें अपडेट

भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर 8 और 9 जुलाई की रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। स्थायी पुल निर्माण के तहत IIT पटना की टीम तकनीकी निरीक्षण करेगी। प्रशासन ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।

भागलपुर के लोगों के लिए जरूरी सूचना है। विक्रमशिला सेतु पर 8 जुलाई और 9 जुलाई की रात सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन के अनुसार, दोनों दिनों रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सेतु पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

स्थायी पुल निर्माण की प्रक्रिया के तहत आईआईटी पटना की विशेषज्ञ टीम विक्रमशिला सेतु का तकनीकी निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा कारणों से सेतु पर किसी भी वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।

गौरतलब है कि 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने वहां बेली ब्रिज का निर्माण कराया। 7 जून से बेली ब्रिज के जरिए छोटे और चारपहिया वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया गया, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही अब भी बंद है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 8 और 9 जुलाई की रात यात्रा की योजना बनाने से पहले इस प्रतिबंध की जानकारी जरूर लें और आवश्यकता होने पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।

Back to top button