पटना. नई सरकार के गठन के 48 घंटे के अंदर सूबे में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सात जिलों के डीएम समेत 28 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। सोमवार की रात इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई। केके पाठक को फिर से विभाग में लाया गया है। उन्हें अवैध खनन व बालू माफिया के खिलाफ कार्रवाई की बड़ी जिम्मेवारी सौंपी गई है। वे खनन व भूतत्व विभाग के प्रधान सचिव बनाए गए हैं। सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार को भवन निर्माण विभाग के प्रधान सचिव की अतिरिक्त जिम्मेवारी सौंपी गई है।
सोमवार की देर शाम राज्य के 44 आईपीएस अफसरों में से कुछ का तबादला किया गया तो कुछ को प्रमोशन दिया गया। पटना ईस्ट के एसपी के पद पर विशाल शर्मा की तैनाती की गई है। डी अम्बरकेश को सिटी एसपी पटना सेंट्रल के पद पर तैनात किया गया है।
44 आईपीएस बदले, पटना समेत 14 जिलों में नए एसपी
प्रशासनिक फेरबदल के बाद सोमवार की देर शाम पुलिस महकमे में भी भारी फेरबदल किया गया। कुल 44 आईपीएस अफसरों की नए सिरे से ट्रांसफर-पोस्टिंग की गई है। देर रात गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी। इसके तहत पटना, जहानाबाद, गया, छपरा समेत 14 जिलों के एसपी बदले गए हैं। एडीजी (वायरलेस) गुप्तेश्वर पांडेय को प्रमोशन के साथ पुलिस अकादमी का डीजी बनाया गया है। मुंगेर की डीआईजी मंजू झा को प्रमोट करते हुए आईजी (कमजोर वर्ग) के पद पर तबादला किया गया है।