7 साल पुराने जख्म पर मरहम लगाएंगे रोहित शर्मा, इंग्लैंड की तो खैर नहीं!

रोहित शर्मा वनडे में वापसी को तैयार हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ फ्लॉप रहने के बाद रोहित शर्मा के हाथ कुलबुला रहे होंगे। उनको इंतजार हो रहा होगा कि कब मैच शुरू हो और वह ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपने सात साल पुराने जख्म पर मरहम लगा लें।
रोहित के लिए वैसे भी अब हर मैच एक जंग है जो उन्हें अगले साल खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए लड़नी है। भारतीय टीम वनडे सीरीज कम ही खेलेगी तो रोहित भी जानते हैं कि मौके कम हैं और जो सामने हैं उन्हीं में अपना सारा अनुभव, क्लास झोंकनी होगी तभी कुछ हो पाएगा।
सात साल पुरानी कसक
लेकिन आज रोहित जब एजबेस्टन में उतरेंगे तो उनकी नजरें भविष्य के साथ-साथ अतीत पर भी होंगी। ऐसा अतीत जो उन्हें दुख देकर गया था। बर्मिंघम के इसी मैदान पर रोहित को दर्द मिला था और वो दर्द भी इसी इंग्लैंड ने दिया था। आज रोहित उसका हिसाब बराबर करना चाहेंगे। ये बात साल 2019 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप की है। 30 जून को इसी मैदान पर इंग्लैंड और भारत की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में भारत को हार मिली थी। इसी के साथ भारत का इस टूर्नामेंट में छह मैचों से चला आ रहा अजेय क्रम टूट गया था।
इंग्लैंड ने भारत को इस मैच में 31 रनों से हराया था जो उसकी लीग स्टेज में इकलौती हार थी। हालांकि, ये हार भारत को काफी चुभी खासकर रोहित को क्योंकि रोहित ने मैच में शतक जमाया था। रोहित 2019 वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में थे और पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने कुल पांच शतक जमाए थे, जिसमें से इंग्लैंड के खिलाफ लगाया शतक हार के कारण रोहित को दुखे दे गया था।
ऐसा रहा था मैच
इंग्लैंड ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 337 रन बोर्ड पर टांग दिए। जॉनी बेयरस्टो ने 109 गेंदों पर 10 चौके और छह छक्कों की मदद से 111 रन बनाए थे। जेसन रॉय ने 57 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली थी। बेन स्टोक्स ने 79 रन बनाए थे। भारतीय टीम के लिए रोहित ने 109 गेंदों का सामना कर 15 चौकों की मदद से 102 रन बनाए थे। विराट कोहली ने 76 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली थी।
इन दोनों की पारियां भारत को जीत नहीं दिला सकी थीं। टीम इंडिया 50 ओवरों में पांच विकेट खोकर 306 रन बनाए। इस मैच के बाद भारत को सिर्फ सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिली थी और उसका सफर वहीं खत्म हो गया था। आज रोहित एजबेस्टन में फिर शतक ठोक अपनी टीम को जीत दिला सात साल पुराना हिसाब बराबर करने की फिराक में होंगे।





