6 कैमरों वाला स्मार्टफोन ला रही सैमसंग, 5G को करेगा सपोर्ट
स्मार्टफोन बनाने वाली दिग्गज कंपनी सैमसंग Galaxy S10 सीरीज के टॉप मॉडल को बाजार में उतारने जा रही है. इस स्मार्टफोन में 6 कैमरे होंगे. यह 5G को सपोर्ट करेगा. Galaxy S10 सीरीज में कुल चार मॉडल होंगे जिसे कंपनी प्रीमियम और मिड रेंज सेग्मेंट को ध्यान में रखकर उतारने जा रही है. विभिन्न रिपोर्ट्स और ऑनलाइन आ रही खबरों के मुताबिक सैमसंग इसे अपनी 10वीं एनिवर्सरी पर अगले साल के शुरू में लॉन्च करेगी. अमेरिकी न्यूजपेपर वाल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में इस स्मार्टफोन की डिटेल सामने आई है. इसमें 6.7 इंच का डिस्पले हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक इस Galaxy S10 को Beyond X कोडनेम दिया गया है.
इसके 5G को सपोर्ट करने को देखते हुए कहा जा रहा है कि यह Qualcomm पर चलेगा. इसमें reverse wireless charging का फीचर हो सकता है. Huawei कंपनी का प्रमुख फोन Mate 20 Pro इस टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करता है. इस तकनीक के जरिए आपका फोन बिना किसी वायर को जोड़े चार्ज हो जाएगा. इसके लिए आपको फोन को केवल चार्जर पर रखना होगा.
इसके अलावे इस फोन में सेल्फी के लिए फ्रंट में दो कैमरे और पीछे चार कैमरे होंगे. वैसे स्मार्टफोन में छह कैमरे की बात थोड़ी हैरान करने वाली है लेकिन हाल ही में सैमसंग ने Galaxy A9 लॉन्च किया है जिसमें चार कैमरे हैं. इसी तरह Galaxy A7 में तीन कैमरे हैं. ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में Galaxy S10 के मॉडल्स को Beyond कोडनेम दिए जाने की बात कही गई है. इसमें 5.8 इंट के डिसप्ले की बात कही गई है.





