उत्तराखंड से द्रौपदी मुर्मू को मिला 51 विधायकों का समर्थन, कांग्रेस के इस विधायक ने की क्रास वोटिंग

Draupadi Murmu : राष्ट्रपति चुनाव में उत्तराखंड से राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को 51 विधायकों का समर्थन मिला, जबकि विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के पक्ष में 15 विधायकों ने मतदान किया। उत्तराखंड विधानसभा के 70 में से 67 सदस्यों ने मतदान किया था, इनमें से एक विधायक का मत अवैध रहा।

राजग प्रत्याशी को 51 विधायकों ने अपना मत दिया

उपलब्ध जानकारी के अनुसार उत्तराखंड में राजग प्रत्याशी को 51 विधायकों ने अपना मत दिया। उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा के 47 विधायक हैं, जबकि दो निर्दलीय और बसपा के दो विधायकों ने भी राजग प्रत्याशी के समर्थन की घोषणा की थी। इस तरह राजग प्रत्याशी को 51 विधायकों का समर्थन संभावित था।

राजग प्रत्याशी को इतने ही विधायकों ने मत दिया, लेकिन भाजपा सरकार के एक मंत्री चंदन रामदास ने अस्वस्थता के कारण मतदान नहीं किया था। इससे यह संभावना बलवती हो गई है कि कांग्रेस के एक विधायक ने क्रास वोटिंग की।

कांग्रेस के 19 विधायकों में से 17 ने ही मतदान किया था, दो अनुपस्थित रहे थे। इनमें तिलकराज बेहड़ और राजेंद्र भंडारी के नाम शामिल हैं। अगर यह माना जाए कि अवैध हुआ एक विधायक का वोट भी कांग्रेस का था, तो फिर भी कांग्रेस के एक विधायक ने क्रास वोटिंग की।

राष्ट्रपति के विदाई समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के सम्मान में आयोजित विदाई रात्रिभोज में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को सुबह सचिवालय में विभिन्न विभागों की बैठक करेंगे। दोपहर बाद वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री उत्तराखंड सदन, नई दिल्ली में रात्रि विश्राम करेंगे।

राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर राज्यपाल ने दी शुभकामना

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में जीत दर्ज करने पर शुभकामना दी है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी राष्ट्रपति चुने जाने पर द्रौपदी मुर्मू को शुभकामना दी हैं।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने ट्वीट कर कहा कि शानदार जीत के लिए शुभकामना। आपका सफर प्रेरणादायी रहा है। भारत की प्रथम आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति बनने पर शुभकामना। यह एक ऐतिहासिक क्षण है।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने अपने संदेश में कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने अपना जीवन समाज की सेवा और गरीब तबके के साथ ही हाशिये पर गए व्यक्तियों को सशक्त बनाने में समर्पित किया है। उनके मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छुएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को ऐतिहासिक जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं। देश के सर्वोच्च एवं गरिमामयी पद पर उनका चुना जाना महिला सशक्तीकरण तथा स्वस्थ लोकतंत्र की दिशा में एक स्वर्णिम शुरुआत है।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने संदेश में कहा कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति का जीवन उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता देशवासियों को प्रेरित करती है।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संदेश में कहा कि द्रौपदी मुर्मू के रूप में देश को अपना 15 वां राष्ट्रपति मिल चुका है। देश ने दुनिया को बता दिया है कि यहां महिलाओं को पुरुषों के बराबर नहीं, बल्कि उनसे उच्च दर्जा दिया जाता है। उनकी जीत एक व्यक्ति विशेष नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन संस्कृति की जीत हुई है।

Back to top button