500 टेस्ट विकेट लेने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बने जेम्स एंडरसन

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक बहुत बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है. एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले दुनिया के छठे तेज गेंदबाज बन गए हैं. इतना ही नहीं एंडरसन इंग्लिश क्रिकेट के इतिहास में 500 टेस्ट विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गए हैं.500 Test wickets takers

जेम्स एंडरसन ने लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन वेस्टइंडीज के ओपनर क्रेग ब्रेथवेट को बोल्ड करके टेस्ट क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे किए. एंडरसन से पहले मुथैया मुरलीधरन (800 विकेट), शेन वार्न (708), अनिल कुंबले (619), ग्लेन मैकग्रा (563) और कर्टनी वाल्श (519) ने टेस्ट मैचों में 500 से अधिक विकेट लिए हैं.

ग्लेन मैकग्रा ने भी 2005 में लॉर्ड्स पर ही टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की थी. आपको बता दें कि वेस्टइंडीज के दिग्गज गेंदबाज कॉर्टनी वाल्श टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज थे.

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच लॉर्ड्स टेस्ट मैच में पहली पारी में वेस्टइंडीज 123 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. जिसके बाद इंग्लैंड की पूरी टीम भी 194 रनों पर सिमट गई. जिसके जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 3 विकेट खोकर 93 रन बना लिए हैं. जिसके बाद उसकी कुल बढ़त 22 रनों की हो गई है.

Back to top button