5 दिन भीषण गर्मी का अलर्ट, कई जिलों में हीटवेव और गर्म रातों की चेतावनी

राजस्थान में अगले 4 से 5 दिनों तक भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है। जोधपुर और बीकानेर संभाग में गर्म रातों का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुछ जिलों में आंधी और हल्की बारिश भी हो सकती है।

राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में अगले 4 से 5 दिनों तक तीव्र हीटवेव और ऊष्णरात्रि (गर्म रातें) दर्ज हो सकती हैं। वहीं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के इलाकों में भी अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू और रात में भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना भी बनी हुई है। अगले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी जिलों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार इस सप्ताह पश्चिमी राजस्थान में गर्मी के तेवर सबसे ज्यादा तीखे रहने वाले हैं।

Back to top button