4जी के दौर में इस राज्य की जेलों में लगे हैं 2जी के जैमर, तो क्या ऐसे बनाएंगे स्मार्ट-मॉडर्न जेल
याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से जवाब मांगा था। हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप पंजाब सरकार ने हलफनामा दाखिल करते हुए बताया कि उनकी 26 में से 25 जेल में 709 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही कैदियों की स्थिति जानने के लिए नॉन ऑफिशियल विजिटर की भी नियुक्ति की गई है जो लगातार कैदियों से संवाद करते हैं। इनमें एक पुरुष होता है और एक महिला।
वहीं यह भी बताया गया कि अमृतसर और बठिंडा की सेंट्रल जेल तथा मुक्तसर साहिब की जिला जेल में 170 सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए टेंडर जारी किया गया है और यह काम 15 सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। वहीं चंडीगढ़ जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ने हलफनामे में बताया कि जेल में 151 सीसीटीवी कैमरा बैरक व विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए हैं। जेल में मोबाइल पूरी तरह से बैन है और अभी 2जी जैमर लगे हैं।
नवीनतम तकनीकों के बीच अब जाकर पंजाब और चंडीगढ़ ने 4जी जैमर लगाने का मन बनाया है। वहीं यह भी बताया गया कि कैदियों को सप्ताह में परिवार को दो फोन एसटीडी के माध्यम से करने की अनुमति है जिसमें से पहली कॉल फ्री और दूसरी के लिए 5 रुपए चार्ज है। कॉल की अवधि 5 मिनट है। हाईकोर्ट ने दोनों के हलफनामों को रिकार्ड पर लेते हुए सुनवाई स्थगित कर दी है।





